सिमडेगा में मवेशियों की मौत का मामला विधानसभा में गूंजा, जांच के लिए सैंपल कोलकाता भेजे गए
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/19/article/image/Shilpi-Neha-Tirkey-1771516936355_m.webpमंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने दिया जवाब। (जागरण)
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड विधानसभा में गुरुवार को सिमडेगा के ठेठईटांगर में हाल के दिनों में 12 मवेशियों की मौत का मामला उठा।
विधायक भूषण बाड़ा ने तारांकित प्रश्न के माध्यम से यह मामला उठाते हुए कहा कि पशुओं के टीकाकरण में लापरवाही हो रही है। पशु चिकित्सक उपलब्ध नहीं रहते हैं। जवाब में कृषि एवं पशुपालन मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि वहां 12 मवेशियों की मौत के बाद विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राज्य स्तरीय टीम भेजी।
टीम ने वहां के तीन गांवों का भ्रमण किया, जिसमें यह बात सामने आई है कि मवेशी जंगलों में जाकर कोई ऐसा पदार्थ खा रहे हैं, जिससे उनकी मौत हो रही है। मृत मवेशियों के सैंपल लेकर जांच के लिए कोलकाता स्थित लेबोरेट्री भेजी गई है।
उन्होंने कहा कि जांच के बाद सही स्थिति सामने आएगी। मंत्री ने कहा कि पशुपालकों को बेहतर इको सिस्टम उपलब्ध कराना विभाग को उद्देश्य है। मुआवजा की राशि आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा दी जाती है, लेकिन वह स्वयं भी मुआवजा दिलाने का प्रयास करेंगी।
नेट नहीं होने से लाभुकों को राशन नहीं : हेमलाल
झामुमो विधायक हेमलाल मुर्मू ने सुदूर क्षेत्रों में नेट नहीं होने से बायोमेट्रिक सिस्टम काम नहीं करने से लाभुकों को राशन नहीं मिलने की ओर ध्यान आकृष्ट कराया।
जवाब में खाद्य आपूर्ति मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों की नियुक्ति हो गई है। उनका पदस्थापन किया जा रहा है। उनके अनुसार 2-जी की तरह 4-जी पाश मशीन लगाई गई है। इससे अब कोई समस्या नहीं आएगी।
हेमलाल ने कहा कि सुदूर क्षेत्रों में राशन पूरी तरह डीलरों के रहमोकरम पर रहता है। कैसे सरकार इसपर कड़ी निगरानी करेगी? जवाब में मंत्री ने कहा कि सरकार राशन वितरण में पारदर्शिता ला रही है। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर त्वरित जांच होगी तथा कार्रवाई भी होगी।
हाथियों के हमले की घटना के विरोध में धरना
आजसू विधायक निर्मल महतो ने हजारीबाग में हाथियों के हमले की घटना के विरोध में विधानसभा परिसर में धरना दिया। उन्होंने इसपर सदन में चर्चा कराने की मांग की।
उन्होंने कहा कि इसमें वन विभाग पूरी तरह लापरवाह रहा है। उन्होंने मुआवजा की राशि बढ़ाने तथा पीड़ित परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की भी मांग की।
यह भी पढ़ें- \“भाजपा विधायकों ने सरेंडर कर दिया\“, झारखंड विधानसभा में प्रदीप यादव ने BJP पर बोला हमला
Pages:
[1]