cy520520 Publish time 2026-2-19 21:58:11

मुजफ्फरपुर बेला औद्योगिक क्षेत्र का होगा कायाकल्प, जलाशय पर बनेगा जॉगिंग ट्रैक और पार्क

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/19/article/image/dm-1771519439731_m.webp

निरीक्षण के लिए पहुंचे जिलाधिकारी व अन्य। जागरण



जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । बेला औद्योगिक क्षेत्र का सुंदरीकरण होगा ताकि यहां रहने वाले व बाहर से आने वाले व्यवसायी गुणवत्तापूर्ण समय व्यतीत कर सकें। धूल, जलजमाव से उन्हें परेशानी नहीं हो।

इसी उद्देश्य से गुरुवार को जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने उद्यमियों के साथ संवाद कर क्षेत्र का भ्रमण भी किया। उन्होंने जलाशय को पर्यावरणीय, सौंदर्यात्मक व जनोपयोगी दृष्टिकोण से विकसित करने के लिए निर्देश दिए।

संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल निकाय के चारों ओर व्यवस्थित जागिंग ट्रैक बनवाया जाए। आकर्षक फव्वारे लगाएं और पार्क का निर्माण करा पर्याप्त संख्या में बैठने के लिए स्थाई कुर्सियां बनाई जाएं।

जिलाधिकारी ने कहा औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत उद्यमियों, श्रमिकों व स्थानीय नागरिकों के लिए स्वच्छ, हरित एवं स्वास्थ्यवर्धक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

उन्होंने जलाशय के चारों ओर पौधारोपण, सुंदरीकरण व लाइटिंग कार्य कराने का निर्देश दिया ताकि यह क्षेत्र सुबह-शाम टहलने, व्यायाम करने व प्रकृति का आनंद लेने के लिए उपयुक्त स्थल के रूप में विकसित हो सके।

कहा कि जलाशय के ठीक सामने खाली पड़ी भूमि पर सुव्यवस्थित, हरा-भरा पार्क विकसित किया जाए, जिससे पूरे औद्योगिक क्षेत्र का वातावरण पर्यावरण के अनुकूल व आकर्षक बन सके।

कार्यस्थल के पास ही लोगों को स्वच्छ व हरित वातावरण मिलेगा तो उनकी कार्यक्षमता व मानसिक स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
आधारभूत संरचना मजबूत करने का कार्य शुरू

जलाशय निरीक्षण के बाद डीएम ने बियाडा सभागार में उद्यमी संवाद कार्यक्रम में भाग लिया। बियाडा के डीजीएम ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में आधारभूत संरचना का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है।

प्रारंभिक चरण में भूमि समतलीकरण कार्य प्रगति पर है। आने वाले चरणों में सड़क, जलनिकासी, हाईमास्ट लगाने व अन्य सुविधाओं के विकास का कार्य किया जाएगा।
सोमवार व शुक्रवार को उद्यमी दे सकते आवेदन

डीएम ने कहा बियाडा में संवाद कार्यक्रम के अलावा कोई भी उद्यमी सुविधानुसार सोमवार या शुक्रवार को कार्यालय अवधि में सीधे उनसे मिलकर आवेदन दे सकते हैं। आश्वासन दिया कि उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन तत्पर है और हर संभव सहयोग किया जाएगा। बेला औद्योगिक क्षेत्र के सुंदरीकरण की पहल का उद्यमियों ने स्वागत किया।
Pages: [1]
View full version: मुजफ्फरपुर बेला औद्योगिक क्षेत्र का होगा कायाकल्प, जलाशय पर बनेगा जॉगिंग ट्रैक और पार्क