नेपाल चुनाव के चलते तीन दिनों तक सील रहेगी भारतीय सीमा, सुरक्षा पर बनी सहमति
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/19/article/image/Araria-News-(13)-1771519114707_m.webpनेपाल में संसदीय चुनाव को लेकर दो मार्च से तीन दिनों के लिए भारत-नेपाल सीमा रहेगी सील। फोटो जागरण
जागरण संवाददाता, अररिया। भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में सुरक्षा, समन्वय एवं आपसी सहयोग को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से भारत-नेपाल जिला समन्वय समिति की बैठक नेपाल के बिराटनगर (मोरंग) में आयोजित की गई। बैठक में सीमा से संबंधित विभिन्न सुरक्षा, प्रशासनिक एवं समन्वयात्मक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में अररिया के जिला पदाधिकारी विनोद दूहन और एसपी जितेन्द्र कुमार, सशस्त्र सीमा बल के कमांडेंट सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। अररिया जिला के अलावा किशनगंज एवं सुपौल जिले के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक तथा संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।
बैठक में नेपाल में प्रस्तावित संसदीय चुनाव के मद्देनजर दो मार्च 2026 की मध्यरात्रि 12 बजे से पांच मार्च की मध्यरात्रि 12 बजे तक भारत-नेपाल सीमा को पूर्णतः सील रखने पर चर्चा हुई। दोनों देशों के अधिकारियों ने सीमा पार आतंकवादी गतिविधियों की रोकथाम, अवांछित तत्वों पर नियंत्रण तथा संयुक्त कार्रवाई को मजबूत करने पर बल दिया।
साथ ही हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक एवं मादक पदार्थों की तस्करी रोकने, मानव तस्करी, नकली मुद्रा के प्रचलन तथा अन्य सीमा पार अपराधों के विरुद्ध समन्वित कार्रवाई करने पर सहमति व्यक्त की गई।
बैठक में नो-मेन्स लैंड पर अतिक्रमण की जांच, अनाधिकृत मार्गों से वाहनों की आवाजाही को विनियमित करने तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में तस्करी, आर्थिक धोखाधड़ी एवं भ्रामक गतिविधियों को नियंत्रित करने के लिए नियमित रूप से खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान पर भी सहमति बनी।
Pages:
[1]