यात्रियों के लिए बड़ी सौगात, हाजीपुर से होकर गुजरेगी पनवेल-अलीपुरद्वार अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/19/article/image/amrit-bharat-train-(3)-1771524100469_m.webpअमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन। (फाइल फोटो)
जागरण संवाददाता, हाजीपुर। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डीडीयू-पाटलिपुत्र-हाजीपुर-मुजफ्फरपुर-समस्तीपुर-खगड़िया-मानसी-कटिहार मार्ग से पनवेल और अलीपुरद्वार के बीच अत्याधुनिक एवं विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त अमृत भारत एक्सप्रेस का परिचालन प्रारंभ किया जा रहा है।
यह गैर-वातानुकूलित श्रेणी की प्रीमियम ट्रेन है, जिसमें मोबाइल चार्जिंग पोर्ट, आरामदायक सफर के लिए एयर स्प्रिंग बाडी, रेडियम फ्लोर स्ट्रिप्स, दिव्यांगजन-अनुकूल स्वच्छ प्रसाधन, सुरक्षा के लिए फायर डिटेक्शन सिस्टम, टाक-बैक यूनिट तथा आधुनिक प्रकाश व्यवस्था सहित कई उन्नत यात्री सुविधाएं उपलब्ध हैं।
गाड़ी संख्या 11031/11032 पनवेल-अलीपुरद्वार-पनवेल अमृत भारत एक्सप्रेस का नियमित परिचालन पनवेल से 23 फरवरी तथा अलीपुरद्वार से 26 फरवरी से प्रारंभ किया जाएगा। यह ट्रेन पनवेल से प्रत्येक सोमवार और अलीपुरद्वार से प्रत्येक गुरुवार को चलेगी।
गाड़ी संख्या 11031 पनवेल-अलीपुरद्वार अमृत भारत एक्सप्रेस 23 फरवरी से प्रत्येक सोमवार को पनवेल से 11.50 बजे खुलकर कल्याण, भुसावल, इटारसी, जबलपुर और प्रयागराज छिवकी के रास्ते मंगलवार को 14.58 बजे डीडीयू, 18.25 बजे पाटलिपुत्र, 19.50 बजे हाजीपुर, 21.35 बजे मुजफ्फरपुर तथा 22.45 बजे समस्तीपुर पहुंचेगी।
इसके बाद बुधवार को 03.20 बजे कटिहार पहुंचकर 03.30 बजे प्रस्थान करेगी और किशनगंज, न्यू जलपाईगुड़ी एवं सिलीगुड़ी के रास्ते 13.50 बजे अलीपुरद्वार पहुंचेगी।
इसी तरह गाड़ी संख्या 11032 अलीपुरद्वार-पनवेल अमृत भारत एक्सप्रेस 26 फरवरी से प्रत्येक गुरुवार को अलीपुरद्वार से 04.45 बजे खुलकर 12.50 बजे कटिहार, 15.23 बजे खगड़िया, 16.45 बजे समस्तीपुर, 18.35 बजे मुजफ्फरपुर, 19.30 बजे हाजीपुर तथा 20.30 बजे पाटलिपुत्र पहुंचेगी।
इसके बाद शुक्रवार को 00.08 बजे डीडीयू सहित अन्य स्टेशनों पर रुकते हुए शनिवार को 05.30 बजे पनवेल पहुंचेगी।
Pages:
[1]