Chikheang Publish time 2026-2-19 23:27:54

नौबतपुर में खुले नाले ने ली ढाई साल के मासूम की जान, आंगनबाड़ी से लौटते वक्त हुआ हादसा

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/19/article/image/Patna-News-(86)-1771523935871_m.webp



जागरण संवाददाता, नौबतपुर। थाना क्षेत्र के सरासत गांव में गुरुवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। जहां आंगनबाड़ी केंद्र से पढ़ाई कर घर लौट रही ढाई साल की एक मासूम की नाले में गिरकर मौत हो गई। घटना बाद स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार की सुबह करीब 10 बजे बच्ची अपने घर से लगभग 200 मीटर दूर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पढ़ने गई थी। छुट्टी के बाद जब वह घर वापस नहीं लौटी तो स्वजन परेशान हो गए। स्वजन तलाश करते हुए आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे, जहां उन्हें बताया गया कि बच्ची छुट्टी के बाद घर जा चुकी है।

इसके बाद स्वजन और ग्रामीणों ने बच्ची की खोजबीन शुरू की, लेकिन शाम तक उसका कहीं पता नहीं चल सका। स्वजन को आशंका हुई कि कहीं अज्ञात लोगों ने बच्ची की चोरी तो नहीं कर ली। इस बीच घटना की सूचना नौबतपुर थाने को दी गई और पुलिस को मामले से अवगत कराया गया।

खोजबीन के दौरान ग्रामीणों की नजर गांव के एक नाले के खुले चैंबर पर पड़ी। स्वजन को शक हुआ कि कहीं बच्ची नाले में तो नहीं गिर गई। संदेह के आधार पर जब डंडा डालकर देखा गया तो बच्ची का थैला और कटोरा दिखाई दिया। इसके बाद स्वजन ने ग्रामीणों की मदद से मोटर लगाकर नाले से पानी निकालना शुरू किया।

पानी निकलने के बाद बच्ची कीचड़ में फंसी हुई मिली। आनन-फानन में उसे बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। ।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन की।

प्रारंभिक तौर पर इसे हादसा माना जा रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। वहीं, ग्रामीण खुले नालों को ढकने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Pages: [1]
View full version: नौबतपुर में खुले नाले ने ली ढाई साल के मासूम की जान, आंगनबाड़ी से लौटते वक्त हुआ हादसा