LHC0088 Publish time 2026-2-19 23:56:35

पलवल में 18 करोड़ से बनेगी मॉडल रोड, आगरा चौक से न्यू कॉलोनी तक बदलेगी शहर की सूरत

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/19/article/image/palwal-news-road-1771525223417_m.webp

आगरा से चौक से न्यू कालोनी को जाने वाली सड़क। जागरण



जागरण संवाददाता, पलवल। हरियाणा के खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम ने बताया कि नगर परिषद द्वारा शहर के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ और आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आगरा चौक से न्यू काॅलोनी तक 18 करोड़ रुपये की लागत से माॅडल रोड बनाई जाएगी। यह परियोजना शहर के विकास में मील का पत्थर साबित होगी और आम नागरिकों को बेहतर यातायात एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगी।

खेल राज्यमंत्री ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत सड़क का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। साथ ही आधुनिक साइकिल ट्रैक और सुरक्षित पैदल पथ का निर्माण किया जाएगा, ताकि विद्यार्थी, बुजुर्ग एवं कामकाजी लोग सुरक्षित आवागमन कर सकें।

परियोजना में हरित पट्टी विकसित करने एवं सौंदर्यीकरण कार्य शामिल है, जिससे शहर का पर्यावरण संतुलन बेहतर होगा और मार्ग का स्वरूप आकर्षक बनेगा। बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाएगा। साथ ही भूमिगत उपयोगी डक्ट बनाए जाएंगे, जिससे भविष्य में बार-बार खुदाई की आवश्यकता कम होगी।

परियोजना में दिव्यांगजनों एवं बुजुर्गों के लिए रैंप, टाइल और स्मार्ट स्ट्रीट फर्नीचर की व्यवस्था की जाएगी। पर्यावरण-अनुकूल प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आधुनिक सुविधाएं सड़क को स्मार्ट सिटी मानकों के अनुरूप बनाएंगी। नगर परिषद के अनुसार इस माडल रोड के निर्माण से ट्रैफिक जाम में कमी आएगी, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय निवासियों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात सुविधा प्राप्त होगी।

खेल राज्यमंत्री ने नागरिकों से निर्माण कार्य के दौरान सहयोग बनाए रखने की अपील की, ताकि निर्धारित समयावधि में परियोजना पूर्ण कर पलवल को आधुनिक एवं सुव्यवस्थित शहर के रूप में विकसित किया जा सके। उन्होंने कहा, पलवल के विकास को गति देने के लिए सरकार सकारात्मक सोच के साथ कार्य कर रही है और जनता से किए गए सभी वादों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- छांयसा का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र है ‘बीमार’, गांव में फैले हेपेटाइटिस से अब तक 4 मौतें और 50 से ज्यादा संक्रमित

यह भी पढ़ें- पलवल के छांयसा में 4 मौतों के बाद हरकत में आया सिस्टम, दूषित पानी और जिम्मेदारों की लापरवाही से फैला हेपेटाइटिस

यह भी पढ़ें- पलवल के छांयसा में नशे और संक्रमित सुइयों से फैला संक्रमण, हेपेटाइटिस व पीलिया से अब तक 7 की मौत; 47 संक्रमित
Pages: [1]
View full version: पलवल में 18 करोड़ से बनेगी मॉडल रोड, आगरा चौक से न्यू कॉलोनी तक बदलेगी शहर की सूरत