Chikheang Publish time 2 hour(s) ago

लुधियाना में पिस्तौल दिखाकर नकाबपोश बदमाशों ने कारोबारी दंपती से लूटे लाखों रुपए के गहने, वारदात CCTV में कैद

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/20/article/image/ludhiana-news-(3)-1771535246423_m.webp



संवाद सहयोगी, जागरण लुधियाना। शहर में लूटपाट की घटनाएं दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला 17 फरवरी को देर रात सुंदर नगर मेन रोड पर सामने आया, जहां बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने महज 30 सेकेंड में कारोबारी दंपती से लाखों रुपये के सोने के गहने लूट लिए।

मंदिर से घर लौट रहे दंपती को हथियारों के बल पर बदमाशों ने निशाना बनाया। यह पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और कारोबारियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। सुंदर नगर निवासी पीड़ित नवरत्न ने बताया सुंदर नगर मेन रोड पर उनकी होजरी की दुकान है।

17 फरवरी की रात करीब 10:15 बजे वह पत्नी के साथ मंदिर से एक्टिवा पर घर लौट रहे थे। इसी दौरान काले रंग की बाइक पर सवार तीन युवक पीछे से आए और ओवरटेक कर उनकी एक्टिवा के सामने बाइक खड़ी कर दी। इस दौरान उन्होंने एक्टिवा रोक दी। स्कूटी रोकते ही बदमाश बाइक से नीचे उतरे और उन्हें घेर लिया।

आरोपितों में से एक ने पिस्तौल तानकर उन्हें डराया, जबकि दूसरे ने तेजधार हथियार दिखाकर गले और हाथों में पहने सोने के गहने जबरन उतरवा लिए। पीड़ित ने बताया कि विरोध करने पर बदमाशों ने उनके साथ हाथापाई की और जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दी। पूरी वारदात करीब 30 सेकेंड में अंजाम देकर आरोपित फरार हो गए।

सूचना मिलते ही थाना दरेसी पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। लगातार हो रही लूट की घटनाओं ने शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है और स्थानीय लोग रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- लुधियाना के दाल बाजार में अग्निकांड; रिहायशी फैक्ट्री में फंसे 68 वर्षीय बुजुर्ग की दर्दनाक मौत
Pages: [1]
View full version: लुधियाना में पिस्तौल दिखाकर नकाबपोश बदमाशों ने कारोबारी दंपती से लूटे लाखों रुपए के गहने, वारदात CCTV में कैद