UP Traffic Update: हेलमेट और सीट बेल्ट को लेकर परिवहन विभाग का महा-अभियान, वसूले ₹20 करोड़, 294 लाइसेंस सस्पेंड
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/19/article/image/73187586-1771515232980_m.webpएक बाइक पर बिना हेलमेट पहने सवार तीन लोग
जागरण संवाददाता, बरेली। वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए लगातार प्रेरित किया जा रहा है, लेकिन हेलमेट लगाकर बाइक चलाने से लोग कन्नी काट रहे हैं। अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि दस महीने में मंडल में बिना हेलमेट बाइक चलाते मिले 31,264 लोगों के चालान किए गए हैं, जबकि बिना शीट बेल्ट के कार चलाते 6,151 लोगों के चालान कटे हैं।
परिवहन विभाग ने अप्रैल 2024 से जनवरी 2025 तक और अप्रैल 2025 से जनवरी 2026 तक का तुलनात्मक डाटा तैयार किया है। जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई कर प्रशमन शुल्क की वसूली में 24.56 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। पिछली साल 16.11 करोड़ रुपये की वसूली हुई थी, जबकि इस साल 20.07 करोड़ रुपये की वसूली की गई है।
ओवरलोड ट्रक, कैब, परमिट शर्तों का उल्लंघन, यातायात नियमों का उल्लंघन पर कार्रवाई हुई है। संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन प्रणव झा ने बताया कि बिना परमिट चलती मिलीं 1133 बसों पर जबकि परमिट शर्तों का उल्लंघन करने पर 879 बसों का चालान कर 1.97 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।
ओवरलोडिंग करने पर 4694 वाहनों का चालान कर 11.86 लाख रुपये का राजस्व वसूल किया गया, जिसमें 63 लाख टैक्स भी शामिल रहा। बिना हेलमेट के बाइक चलाने वाले 31,264 लोगों का चालान किया गया है, जबकि बाइक पर बिना हेलमेट के पीछे बैठे 4517 लोगों को चालान किया गया।
इसी तरह नशे में वाहन चलाने वाले 138 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई। रांग साइड और ओवरस्पीड पर भी कार्रवाई की जा रही है। मंडल के चारों जिलों में रांग साइड वाहन चलाने पर 4230 और ओवरस्पीड में 3306 लोगों का चालान किया गया है।
इसके अलावा मालवाहक वाहन में सवारी ढोने पर 215 वाहनों पर कार्रवाई की गई है। बार-बार चालान होने पर 294 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। पिछली साल से 24.56 प्रतिशत अधिक की राजस्व वसूली किए जाने पर आरटीओ ने प्रवर्तन टीमों को प्रोत्साहित किया है।
एआरटीओ पीलीभीत, पीटीओ बरेली कार्रवाई में नंबर वन
मंडल में की गई प्रवर्तन कार्रवाई में एआरटीओ पीलीभीत और यात्री कर अधिकारी बरेली नंबर वन रहे हैं। आरटीओ प्रणव झा के अनुसार एआरटीओ पीलीभीत वीरेंद्र कुमार सिंह प्रथम, एआरटीओ शाहजहांपुर हरिओम सैनी द्वितीय, एआरटीओ बरेली वैभव सोती तृतीय और एआरटीओ बदायूं हरिओम चतुर्थ स्थान पर रहे।
इसी तरह यात्री कर अधिकारियों में पीटीओ बरेली विनय कुमार मिश्रा पहले, अजीत प्रताप सिंह दूसरे, पीटीओ पीलीभीत वर्डिश चतुर्वेदी तीसरे, पीटीओ शाहजहांपुर आरपी गौतम चौथे, पीटीओ बरेली रमेश चंद्र प्रजापति पांचवें और पीटीओ बदायूं अभिनव चौधरी छठे स्थान पर रहे।
यह भी पढ़ें- शहर के शोर से दूर, अब बरेली के बीचों-बीच मिलेगा घने जंगलों का अहसास; जानें क्या है \“नगर वन\“ प्रोजेक्ट?
Pages:
[1]