LHC0088 Publish time 2026-2-20 09:26:18

सीतापुर में अज्ञात वाहन की टक्कर से चीनी मिल कर्मचारी की मौत, गोरखपुर में शोक की लहर

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/20/article/image/accident_-1771559717488_m.webp

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण



जागरण संवाददाता, सीतापुर/गोरखपुर। सीतापुर में बुधवार देर रात हुए सड़क हादसे में गोरखपुर निवासी चीनी मिल कर्मचारी की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हुए कर्मचारी ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही गोरखपुर के झंगहा थाना क्षेत्र के राधोपट्टीपड़री गांव में मातम पसर गया।

राधोपट्टीपड़री, टोला फैलहा निवासी 45 वर्षीय अमरनाथ यादव वर्ष 2006 से डालमिया चीनी मिल यूनिट जवाहरपुर, रामकोट (सीतापुर) में बायलर आपरेटर पद पर कार्यरत थे। वे अपनी पत्नी गीता देवी और दो बेटों 20 वर्षीय आदित्य व 18 वर्षीय अजीत के साथ रामकोट कस्बे में किराए के मकान में रहते थे।

बड़ा बेटा आदित्य इंटर पास कर बीएससी की पढ़ाई कर रहा है, जबकि छोटा बेटा अजीत इंटर की परीक्षा दे रहा है। बुधवार की देर शाम अमरनाथ यादव अपने साथी कर्मचारी संजय यादव के साथ बावली गांव में एक सहकर्मी अजय पाल के यहां तिलक समारोह में शामिल होने गए थे।

रात करीब 11 बजे दोनों लौटे। अमरनाथ ने पहले संजय को मिल कालोनी में छोड़ा और फिर बाइक से अपने घर जाने के लिए निकले। मिल गेट के सामने मुख्य मार्ग पर उस समय गन्ना लदी और खाली ट्रैक्टर-ट्रालियों के कारण जाम की स्थिति थी।

इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वे सड़क पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े मिले। मिल के कर्मचारी ड्यूटी समाप्त कर लौट रहे थे, जिन्होंने भीड़ देख रुककर पहचान की और अस्पताल ले गए जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में शादीशुदा महिला संग रहने की जिद पर अड़ी युवती, पति भी रहेगा साथ; यह सुनकर हर कोई हैरान

थानाध्यक्ष रामकोट पीयूष सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है। गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

परिवार के लोग गांव लौट रहे हैं। अमरनाथ यादव पांच भाइयों में सबसे छोटे थे। परिवार के भरण-पोषण की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Pages: [1]
View full version: सीतापुर में अज्ञात वाहन की टक्कर से चीनी मिल कर्मचारी की मौत, गोरखपुर में शोक की लहर