जमुई-झाझा रेलखंड पर पत्थरबाजी: अनन्या एक्सप्रेस के कोच में टूटा शीशा, डर के साए में यात्री
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/20/article/image/Ananya-Express-Stone-Pelting-at-Jhajha-1771566198378_m.webpएक महीने में दूसरी दफा खतरा: अनन्या एक्सप्रेस के कोच में टूटा शीशा
संवाद सूत्र, बोड़वा (जमुई)। पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल अंतर्गत झाझा स्टेशन पर गुरुवार शाम एक बड़ी रेल सुरक्षा चूक सामने आई। गाड़ी संख्या 12315 अनन्या एक्सप्रेस झाझा स्टेशन पहुंची तो वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों ने कोच संख्या ए-2 की खिड़की का टूटा हुआ शीशा देखा। खिड़की बर्थ संख्या 43 से 48 के बीच थी और बाहरी शीशा पूरी तरह टूट चुका था।
रेलवे सुरक्षा बल के अनुसार, ट्रेन के सिमुलतला स्टेशन पहुंचने से पहले किसी अज्ञात शरारती तत्व ने खिड़की पर पत्थर मारा। पत्थर इतनी ताकत से लगा कि खिड़की का बाहरी शीशा चकनाचूर हो गया। सौभाग्य रहा कि शीशे की दूसरी परत सुरक्षित रही और किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। अनन्या एक्सप्रेस कोलकाता से उदयपुर सिटी तक आती-जाती है।
झाझा स्टेशन पर अनन्या एक्सप्रेस के कोच में टूटा शीशा
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए, कोच अटेंडेंट परवीन मैथी से जानकारी ली गई। उन्होंने बताया कि पत्थरबाजी की यह घटना जसीडीह पोस्ट के अधिकार क्षेत्र में हुई। रेलवे सुरक्षा बल ने घटना की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर संबंधित विभाग को भेज दी है और अज्ञात उपद्रवियों की तलाश शुरू कर दी है।
यह घटना जसीडीह-झाझा रेलखंड पर एक महीने में दूसरी दफा हुई है। 21 जनवरी को 18183 अप टाटा नगर-बक्सर एक्सप्रेस में भी इसी रेलखंड के घोरपारण स्टेशन के पास पत्थरबाजी हुई थी। उस समय भी ट्रेन की एक बोगी की खिड़की क्षतिग्रस्त हुई थी और आरपीएफ ने जांच की थी।
यात्रियों की सुरक्षा पर उठे सवाल
इस प्रकार लगातार दो बार हुई वारदातों ने यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है और सभी संबंधित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जा रही है।
आरपीएफ निरीक्षक अनिता कुमारी ने बताया, “घटना सिमुलतला रेलवे स्टेशन से पूर्व घटित हुई है। इसकी पुष्टि झाझा रेलवे स्टेशन में हुई जांच के बाद हुई।“ उन्होंने कहा कि रेलवे सुरक्षा बल मामले की गहन जांच कर रहा है और जल्द ही अज्ञात दोषियों की पहचान कर उन्हें कानूनी कार्रवाई के लिए प्रस्तुत किया जाएगा।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि ऐसे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे सुरक्षा बल को दें। इस प्रकार की घटनाओं से न केवल यात्री असुरक्षित होते हैं, बल्कि रेल सेवाओं की विश्वसनीयता पर भी असर पड़ता है।
Pages:
[1]