ऊधम सिंह नगर में फर्जी आधार कार्ड रैकेट का भंडाफोड़, जन सेवा केंद्रों पर पुलिस की पैनी नजर
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/20/article/image/crime-1771569199045_m.webpइस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर। उत्तर प्रदेश, बिहार, कोलकात्ता समेत अन्य राज्यों से नौकरी की तलाश में ऊधम सिंह नगर आकर फर्जी आधार कार्ड बनवाकर नौकरी कर रहे लोगों के आधार कार्ड चेक होंगे।
यह कार्रवाई ट्रांजिट कैंप में एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान फर्जी तरीके से संचालित जन सेवा केंद्र के भंडाफोड़ के बाद शुरू की गई है। इसके लिए जिले की पुलिस अपने क्षेत्र में संचालित जन सेवा केंद्र की खुफिया विभाग के साथ जांच करेगी।
बुधवार को ट्रांजिट कैम्प में एक जन सेवा केंद्र पर फर्जी तरीके से आधार कार्ड, पैन कार्ड एवं मार्कशीट बनाए जाने की सूचना पर एसटीएफ और ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस ने छापामार कार्रवाई की थी। जहां पर फर्जी तरीके से मार्कशीट बनाते हुए मूलरूप से रामपुर और हाल ट्रांजिट कैंप गड्ढा कालोनी निवासी चेतन कुमार को गिरफ्तार किया गया था।
पूछताछ में पता चला कि वह एक साल से केंद्र का संचालन ट्रांजिट कैंप में कर रहा था। इसके पीछे उसका मकसद यह था कि ट्रांजिट कैम्प सिडकुल के नजदीक है और अत्यधिक भीड़ होने के कारण यहां पर बाहरी राज्यों के लोग नौकरी करने के लिए आते रहते हैं। ऐसे में वह बाहरी राज्यों के लोगों का एक एप्लीकेशन के जरिए ग्राहक की फोटो लेकर उनके नाम और पते को एडिट कर उसका आधार कार्ड प्रिंट निकालकर मुंह मांगे दाम वसूलता था।
पूछताछ में उसने फर्जी तरीके से करीब 500 लोगों के फर्जी कागजात बनाने की बात कबूल की। जिसके बाद पुलिस और खुफिया विभाग जहां रुद्रपुर सिडकुल की अलग अलग कंपनियों में काम कर रहे यूपी, बिहार, कोलकाता समेत अन्य राज्यों के लोगों का आधार कार्ड समेत अन्य दस्तावेज चेक करेगी, वहीं जिले के जसपुर, काशीपुर, कुंडा, आइटीआइ, बाजपुर, गदरपुर, दिनेशपुर, रुद्रपुर, ट्रांजिट कैंप, किच्छा, पुलभट्टा, सितारगंज, नानकमत्ता और खटीमा क्षेत्र में चल रहे जन सेवा केंद्रों की जांच करेगी।
जिले में चल रहे जन सेवा केंद्र की जांच के साथ ही सत्यापन के दौरान किराए में रहने वाले बाहरी राज्यों के लोगों के आधार कार्ड समेत अन्य दस्तावेजों की भी जांच की जाएगी। किसी के पास भी फर्जी आधार कार्ड या अन्य दस्तावेज पाए जाएंगे तो उन पर कार्रवाई करने के साथ ही उनके जरिए फर्जी दस्तावेज बनाने वालों तक भी पहुंचा जाएगा। - अजय गणपति, एसएसपी
चेतन का भाई भी चलाता था केंद्र, बंद कर हुआ फरार, तलाश
बुधवार को जन सेवा केंद्र संचालक चेतन को पुलिस ने गिरफ्तार किया। इस दौरान फर्जी आधार कार्ड समेत अन्य दस्तावेज बनाए जाने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने एक मानीटर, प्रिंटर, सीपीयू, बायोमेट्री फिंगर स्कैनर के साथ ही नौ मार्कशीट, 55 पैन कार्ड और 42 आधार कार्ड बरामद हुए।
पूछताछ में पता चला कि गिरफ्तार चेतन का भाई भी ट्रांजिट कैंप में ही जन सेवा केंद्र संचालित करता है। इसका पता चलते ही जब पुलिस चेतन के भाई के जन सेवा केंद्र पहुंचती, उससे पहले ही वह केंद्र पर ताला लगाकर फरार हो गया। पुलिस अधिकारियों ने संभावना जताई कि अपने भाई चेतन की तरह ही वह भी फर्जी दस्तावेज और आधार कार्ड बनाता होगा। उसके हर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
यह भी पढ़ें- फर्जी आधार कार्ड से ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने पहुंचा कश्मीरी युवक, शक होने पर डिजिलॉकर ने पकड़वा दिया
यह भी पढ़ें- फर्जी आधार कार्ड से Driving Licence बनवाने पहुंचा युवक निकला कश्मीरी, RTO की सजगता से पकड़ा; भेजा जेल
Pages:
[1]