LHC0088 Publish time 1 hour(s) ago

बेगूसराय में किराए के घर में मिला रिकवरी एजेंट का शव, पारिवारिक विवाद के बीच मौत से सनसनी

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/20/article/image/buxar-1771573181600_m.webp

सांकेतिक तस्वीर



संवाद सहयोगी, तेघड़ा (बेगूसराय)। बेगूसराय जिले के रतनपुर इटवा मोहल्ले में एक रिकवरी एजेंट का संदिग्ध हालत में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान तेघड़ा थाना क्षेत्र के चिल्हाय पंचायत वार्ड संख्या 10 निवासी रामाशीष सिंह के 32 वर्षीय पुत्र राजीव कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

परिजनों के अनुसार राजीव कुमार वर्ष 2016 से इंडसइंड बैंक में रिकवरी एजेंट के रूप में कार्यरत था। उसकी शादी पांच वर्ष पूर्व बरौनी थाना क्षेत्र के पिपरा देवस में हुई थी। उसे एक दो वर्षीय पुत्र भी है।
पत्नी के साथ किराए के मकान में रहता था मृतक

बताया जाता है कि वह पिछले एक वर्ष से अपनी पत्नी के साथ बेगूसराय के इटवा में किराए के मकान में रह रहा था। परिजनों का आरोप है कि राजीव का अपनी पत्नी से संबंध ठीक नहीं था और अक्सर दोनों के बीच विवाद होता रहता था। शादी के कुछ माह बाद से ही पारिवारिक कलह शुरू हो गया था, जिसके कारण वह पैतृक घर से अलग रहने लगा था।

बताया जा रहा है कि करीब छह माह पूर्व राजीव ने अपने हिस्से की लगभग चार लाख रुपये मूल्य की जमीन भी बेची थी। मृतक के भाई सौरभ कुमार ने बताया कि गुरुवार की रात करीब एक बजे उनके भाई के मित्र लाखो सिंह के पुत्र सौरव को बेगूसराय पुलिस द्वारा फोन कर सूचना दी गई कि राजीव कुमार की मौत हो गई है और उसका शव सदर अस्पताल में रखा गया है।
भाई ने जताई हत्या की आशंका

सूचना मिलते ही वह अपने पिता रामाशीष सिंह, जो मुजफ्फरपुर में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत हैं, को जानकारी देकर बेगूसराय सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने शव की पहचान की। उसके भाई ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

उन्होंने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि राजीव की हत्या कर उसे दूसरा रूप देने का प्रयास किया गया है। राजीव दो भाइयों में बड़ा था। उसका छोटा भाई अविवाहित है, जबकि दो बहनें विवाहित हैं और अपने-अपने ससुराल में रहती हैं।

इधर, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
Pages: [1]
View full version: बेगूसराय में किराए के घर में मिला रिकवरी एजेंट का शव, पारिवारिक विवाद के बीच मौत से सनसनी