मुक्तसर की सब तहसील तहसील परिसर से तीन पेड़ चोरी; सीसीटीवी के बावजूद नहीं मिला सुराग
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/20/article/image/tree-theft-1771572950494_m.webpसब तहसील में काटे गए पेड़।
जागरण संवाददाता, श्री मुक्तसर साहिब। पंजाब के मुक्तसर में गिद्दड़बाहा क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं के बीच सब तहसील दोदा से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां तहसील परिसर में लगे तीन वृक्ष अज्ञात चोर रातोंरात काट कर ले गए। अन्य कई पेड़ों की टहनियां भी काट दी गईं, जिससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
नायब तहसीलदार बलजिंदर कौर ने बताया कि सब तहसील परिसर में कई वृक्ष लगे हुए थे। रात के समय अज्ञात व्यक्तियों ने तीन पेड़ों को जड़ से काट दिया और उन्हें साथ ले गए। मौके पर केवल जड़ें ही बची हैं। इसके अलावा अन्य वृक्षों की टहनियां भी काटी गई हैं। उन्होंने कहा कि यह सरकारी संपत्ति को सीधा नुकसान है और इसकी शिकायत पुलिस चौकी दोदा को दे दी गई है।
यह भी पढ़ें- तरनतारन में नर्सिंग छात्रा ने की आत्महत्या; यूनिवर्सिटी प्रबंधन पर लगे आरोप, पुलिस ने फोन चैट कब्जे में ली
शिकायत के बाद मामला दर्ज
तहसील कार्यालय में सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद चोरों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। अधिकारियों के अनुसार संभावना है कि चोर पीछे की ओर से परिसर में दाखिल हुए, जहां सीसीटीवी कवरेज नहीं है। इस कारण घटना की कोई फुटेज सामने नहीं आई।
पुलिस चौकी इंचार्ज गुरतेज सिंह ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है और मामले की जांच की जा रही है। आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है तथा तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- पंजाब के लुधियाना में कार और बाइक की भीषण टक्कर, हादसे में दो लोगों की मौत; एक की हालत गंभीर
पहले भी चोरी के मामले आए सामने
उल्लेखनीय है कि गिद्दड़बाहा क्षेत्र में पहले भी खेतों में लगे ट्रांसफार्मरों से तेल और तांबा चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। अब सरकारी परिसर से वृक्ष चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। तहसील परिसर में अन्य कीमती सामान भी मौजूद है, जिससे अधिकारियों और कर्मचारियों में चिंता का माहौल है।
लगातार हो रही वारदातों से इलाके के लोगों में रोष और असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
यह भी पढ़ें- चलती कार में लगी आग; सुल्तानपुर लोधी- कपूरथला मार्ग पर चलती ब्रेजा में हुई घटना, परिवार सुरक्षित
Pages:
[1]