हरियाणा के हर जिला अस्पताल में बनेगा 10 बेड का नशा मुक्ति वार्ड, सीएम सैनी ने किया एलान
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/20/article/image/CM_saini_news-1771576914921_m.webpकैप्शन: हरियाणा सीएम नायब सैनी (जागरण)
राज्य ब्यूरो, पंचकूला। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सुशासन सहयोगियों के साथ समीक्षा बैठक में जिलों में सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन, शिकायत निवारण प्रणाली को मजबूत करने और प्रशासनिक क्षमता में सुधार पर विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने नशे की आदत से बचाव के लिए अहम कदम उठाते हुए हर जिला अस्पताल में 10 बेड का नशा मुक्ति (डी-एडिक्शन) वार्ड बनाने के निर्देश दिये।
उन्होंने कहा कि सुशासन सहयोगी इस पहल की प्रगति पर बारीकी से नजर रखें और जमीनी स्तर पर आने वाली चुनौतियों की पहचान कर उनका समय पर क्रियान्वयन करने में मदद के लिए तथ्यों और सबूतों पर आधारित रिपोर्ट प्रस्तुत करें। सुशासन सहयोगियों ने मुख्यमंत्री को जिलों में जमीनी स्तर पर आने वाली मुख्य चुनौतियां और अपने-अपने जिलों में किए जा रहे नये तरीकों के कार्यों के बारे में अवगत कराया।
उन्होंने कचरा अलग-अलग करने, नालों की सफाई, सीवरेज सिस्टम दुरुस्त करने, मैनपावर की कमी और लोगों में जागरूकता की कमी से जुड़े मुद्दों पर बात की। बैठक में मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी कार्यक्रम के परियोजना निदेशक डॉ. यशपाल भी शामिल हुए।
वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से मीटिंग में शामिल हुए निगम आयुक्तों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने अपने-अपने इलाकों में सफाई के साथ कचरा प्रबंधन को मजबूत बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने नालों और सीवर लाइनों की नियमित रूप से सफाई करने और सीवरेज में आने वाली रुकावटों को तुरंत दूर करने तथा सफाई से जुड़े सभी लम्बित कामों को तेजी से पूरा करने की आवश्यकताओं पर बल दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि निगम आयुक्त संबंधित जिलों में सीवरेज से जुड़ी सभी शिकायतों के लिए नोडल आफिसर के रूप में काम करेंगे और जनस्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर काम करेंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी फाइल बिना वजह पेंडिंग नहीं रहनी चाहिए। बैठक में आयुक्त एवं सचिव (जनस्वास्थ्य) मोहम्मद शाईन, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. साकेत कुमार, महानिदेशक शहरी स्थानीय निकाय अशोक कुमार मीणा, महानिदेशक सूचना एवं जनसंपर्क विभाग केएम पांडुरंग शामिल हुए।
Pages:
[1]