कोर्ट में Bomb Blast की धमकी का मामला, अल्मोड़ा में हाई अलर्ट; एसएसपी ने लिया जायजा
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/20/article/image/Untitled-5-copy-1771578437463_m.webpजिला न्यायालय में बढ़ाई गई निगरानी, सघन चेकिंग अभियान जारी. Jagran
जागरण संवाददाता, अल्मोड़ा। जिला न्यायालय अल्मोड़ा की आधिकारिक ईमेल आईडी पर प्राप्त धमकी भरे मेल के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रही है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।
एसएसपी चंद्रशेखर घोडके ने शुक्रवार को न्यायालय परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसएसपी ने न्यायालय परिसर और आसपास के इलाकों में गहन चेकिंग अभियान संचालित करने, प्रवेश द्वारों पर आने-जाने वाले व्यक्तियों की सघन तलाशी एवं फ्रिस्किंग करने तथा वाहनों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सीसीटीवी कैमरों एवं अन्य तकनीकी संसाधनों की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने, ड्यूटी में तैनात पुलिस बल को सतर्कता एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया टीम (क्यूआरटी) को अलर्ट मोड में रखने के निर्देश भी दिए।
एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि न्यायालय परिसर की गरिमा और शांति भंग करने का प्रयास करने वाले किसी भी अराजक तत्व के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा पुलिस जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बीते चार दिनों में दो बार धमकी भरे मेल मिलने से हड़कंप मचा हुआ है।
यह भी पढ़ें- अल्मोड़ा में पिकअप खाई में गिरी, बस को रास्ता देने में हुआ हादसा; पांच घायल
यह भी पढ़ें- अल्मोड़ा: सरकारी शिविर में विधायक और जिला पंचायत सदस्य के बीच तीखी बहस, गर्माया माहौल
यह भी पढ़ें- अल्मोड़ा न्यायालय को RDX से उड़ाने की धमकी, तीन दिन में दूसरी बार ई-मेल से मचा हड़कंप
Pages:
[1]