3 दिन तक फंदे पर लटका रहा युवती का शव, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा; छोटी बहन को फोन पर बताई थी आपबीती
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/20/article/image/Jagran-News-(550)-1771584122923_m.webpतीन दिन तक फंदे पर लटका रहा शव। प्रतीकात्मक तस्वीर
केशव त्यागी, हापुड़। हापुड़ में कोतवाली क्षेत्र में स्थित एक मकान में 16 फरवरी की देर शाम फंदे से लटके मिले युवती के शव के मामले में नया मोड़ सामने आया है।
दरअसल, युवती किराए के मकान में अकेली रहती थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि तीन दिनों तक उसका शव फंदे से लटका रहा। इस मामले में परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म व हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों ने एसपी से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।
शिकायती पत्र में थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के एक गांव के युवक ने बताया कि उसकी बहन नोएडा के कासना क्षेत्र स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत थी। वह कोतवाली हापुड़ नगर क्षेत्र के प्रीत विहार स्थित एक किराए के मकान में अकेली रहती थी। नौकरी के दौरान उसका संपर्क गांव के ही एक युवक से हुआ।
आरोप है कि युवक ने प्रेम-संबंध बनाकर शादी का वादा किया। इसके बाद युवक भी उसकी बहन के साथ रहने लगा। करीब तीन माह से दोनों साथ रह रहे थे। आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उसकी बहन के साथ शारीरिक संबंध बनाए। बहन ने अपने परिजनों को भी बताया था कि जल्द ही दोनों विवाह करने वाले हैं।
शादी से इनकार और धमकाने का आरोप
करीब 13 दिन पहले युवती ने अपनी छोटी बहन को फोन कर रोते हुए बताया था कि आरोपी अब शादी से इनकार कर रहा है। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। आरोपी के बड़े भाई पर भी उस पर दबाव बनाने के लिए धमकी दे रहा है।
आरोपी ने 12 फरवरी 2026 को किसी अन्य युवती से विवाह कर लिया। इसके बाद से युवती मानसिक रूप से काफी परेशान थी। आरोप है कि आरोपी पक्ष ने युवती पर चुपचाप संबंध खत्म करने का दबाव बनाया।
फंदे पर लटका मिला शव
पीड़ित भाई ने बताया कि 16 फरवरी 2026 की शाम करीब आठ बजे पुलिस ने परिजनों को सूचना दी कि उसकी बहन ने कमरे में फांसी लगा ली है। परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि युवती पंखे पर लगे दुपट्टे के सहारे लटकी हुई थी, जबकि उसके पैर जमीन से सटे हुए थे।
यह भी पढ़ें- हापुड़ में मां ने बेटी को बेचा, अधेड़ ने किया दुष्कर्म; पीड़िता ने न्याय के लिए DM से लगाई गुहार
पुलिस ने कमरे को सील कर साक्ष्य एकत्र किए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। रिपोर्ट आने के बाद पता चला कि वह तीन दिनों से फंदे पर लटकी हुई थी। आरोप है कि आरोपी पक्ष के लोगों ने बहन की हत्या कर शव फंदे पर लटकाया है।
एसपी से मांगा न्याय
पीड़ित भाई ने बताया कि कोतवाली में तहरीर देने के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इसके चलते शुक्रवार को वह एसपी से शिकायत करने पहुंचे और न्याय की गुहार लगाई। एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Pages:
[1]