हरियाणा में 11 वैज्ञानिकों को मिलेगा विज्ञान रत्न और युवा विज्ञान रत्न सम्मान, समारोह में CM नायब होंगे मौजूद
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/20/article/image/nayab-saini-(170)-1771589534127_m.webpहरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी। फाइल फोटो
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के पांच वैज्ञानिकों को विज्ञान रत्न और छह वैज्ञानिकों को युवा विज्ञान रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। डा. अरविन्द कुमार, डा. राजकुमार, डा. सुदेश कौर खंडूजा, डा. दीपक थंकप्पन नायर और डा. अनिर्बान बासू को विज्ञान रत्न के लिए चुना गया है। डा. विनीत वशिष्ट, डा. विकास, डा. परमवीर सिंह, डा. चिराग जैन, डा. जोगेन्द्र सिंह एवं डा. स्वाति सिंह को युवा विज्ञान रत्न दिया जाएगा।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी निदेशालय द्वारा 28 फरवरी को हरियाणा लोक भवन में पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस समारोह में कुल 11 प्रख्यात वैज्ञानिकों का सम्मान किया जाएगा। समारोह में राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष मुख्य अतिथि होंगे और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समारोह की अध्यक्षता करेंगे। शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा समारोह में बतौर विशिष्ठ अतिथि शिरकत करेंगे।
राज्य स्तरीय समारोह में वर्ष 2022 से 2024 तक के पुरस्कारों में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सराहनीय योगदान देने के लिए वैज्ञानिकों को सम्मानित किया जाएगा।
हरियाणा विज्ञान रत्न पुरस्कार में वर्ष 2022 के लिए सीएसआइआर भावनगर के वरिष्ठ प्रधान वैज्ञानिक डा. अरविन्द कुमार व पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय बठिंडा के प्राध्यापक डा. राजकुमार, वर्ष 2023 के लिए भारतीय राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी से सम्मानित आइआइएसईआर मोहाली और एमेरिटस पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ की प्राध्यापक डा. सुदेश कौर खंडूजा को तथा वर्ष 2024 के लिए क्षेत्रीय जैव प्रौद्योगिकी केंद्र फरीदाबाद के प्राध्यापक डा. दीपक थंकप्पन नायर व राष्ट्रीय मस्तिष्क अनुसंधान केंद्र मानेसर के वैज्ञानिक डा. अनिर्बान बासू को सम्मानित किया जाएगा।
हरियाणा युवा विज्ञान रत्न पुरस्कार में वर्ष 2022 के लिए भारतीय प्रोद्योगिकी संस्थान गांधीनगर के सहायक प्राध्यापक डा. विनीत वशिष्ट व डी वाडिया हिमालयन भूविज्ञान संस्थान देहरादून के वैज्ञानिक डा. विकास, वर्ष 2023 के लिए राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान अगरतला के सहायक प्राध्यापक डा. परमवीर सिंह व भारतीय विज्ञान संस्थान बेंगलुरु के सहायक प्राध्यापक डा. चिराग जैन तथा वर्ष 2024 के लिए आइआइएसईआर मोहाली के सहायक प्राध्यापक डा. जोगेन्द्र सिंह एवं एलवीप्रसाद नेत्र संस्थान हैदराबाद की परामर्शदाता नेत्र चिकित्सक डा. स्वाति सिंह वैज्ञानिक को पुरस्कृत किया जाएगा।
Pages:
[1]