cy520520 Publish time 1 hour(s) ago

जयमाल से पहले रिश्तेदार ने की हर्ष फायरिंग, छाती में लगी गोली; मातम में बदलीं शादी की खुशियां

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/20/article/image/harsh-firing-1771589655041_m.webp



जागरण टीम, बाराबंकी। बेटे के तिलक और बेटी के विवाह की खुशियों के बीच अचानक चली गोली ने जश्न को अफरा-तफरी में बदल दिया। डीजे की धुन पर द्वार पूजा और जयमाल की तैयारी चल रही थी कि हर्ष फायरिंग में एक व्यक्ति के सीने में गोली लग गई। उन्हें जिला अस्पताल से ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया। हालत गंभीर है।

सतरिख के बादीनगर सहेलिया गांव निवासी अवधराम के बेटे सचिन का तिलक देवा थाना के कैथी गांव से आया था, जबकि बेटी की बारात प्यारेपुर से पहुंची थी। घर और द्वार पर जश्न का माहौल था। रिश्तेदार एक-दूसरे को बधाइयां दे रहे थे और बाराती डीजे की धुन पर नाचते हुए द्वार पूजा के लिए पहुंचे थे। जयमाल की रस्म के लिए लोग पंडाल में जुटे ही थे कि अचानक फायरिंग हो गई।

छाती में लगी गोली

गोली जहांगीराबाद के पलिया मसूदपुर गांव निवासी सुनील कुमार की छाती में जा लगी। वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े और तड़पने लगे। यह दृश्य देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोग घायल को संभालने में जुटे तो कई लोग जान बचाकर इधर-उधर भाग निकले।

रिश्तेदार घायल सुनील कुमार को निजी वाहन से जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।

पुलिस ने ग्रामीणों और परिवारजन से पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी फायरिंग करने वाले का नाम नहीं बताया। फायरिंग करने वाला व्यक्ति नजदीकी रिश्तेदार हैं, जिसके कारण लोग नाम बताने से बच रहे हैं। किसी तरह बेटी की शादी की रस्में पूरी कराईं।

यह भी पढ़ें- काशीराम कॉलोनी में युवक ने की फायरिंग, गोली लगने से ई-रिक्शा चालक घायल; हालत गंभीर

प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि हर्ष फायरिंग में एक व्यक्ति घायल हुआ है, जिसका इलाज चल रहा है। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। फायरिंग करने वाले की पहचान कराई जा रही है।
Pages: [1]
View full version: जयमाल से पहले रिश्तेदार ने की हर्ष फायरिंग, छाती में लगी गोली; मातम में बदलीं शादी की खुशियां