अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की छवि खराब करने वालों पर हो कड़ी कार्रवाई, कांग्रेस पर भड़के CM नायब सैनी
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/20/article/image/nayab-saini-(218)-1771594746876_m.webpहरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी। फाइल फोटो
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि देश को अलग-अलग स्थानों पर शर्मिंदा करना और भारत की छवि को ठेस पहुंचाना कुछ लोगों के डीएनए में शामिल हो गया है। कांग्रेस लगातार देश की संवैधानिक संस्थाओं का अपमान कर लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित समिट के दौरान कांग्रेस द्वारा अपनाए गए विरोध के तरीके को बेहद अफसोसजनक बताते हुए कहा कि पूरे विश्व से प्रबुद्धजन, नीति-निर्माता और प्रतिनिधि भाग लेने के लिए आए हैं।
ऐसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर समिट के अंदर जिस प्रकार का अशोभनीय कार्य किया गया है, वह न केवल अनुचित है बल्कि देश की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वाला है। इस प्रकार की हरकत करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति राष्ट्र की गरिमा को आहत करने का साहस न कर सके।
वैश्विक मंच पर भारत की साख मजबूत
नायब ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत निरंतर प्रगति और विकास के पथ पर अग्रसर है। आज वैश्विक मंच पर भारत की साख मजबूत हुई है और देश विश्व पटल पर नई ऊंचाइयों को छू रहा है। ऐसे समय में विपक्ष द्वारा इस प्रकार का आचरण दुर्भाग्यपूर्ण और गैर जिम्मेदाराना है।
विधानसभा के बजट सत्र का जिक्र करते हुए कहा कि राज्यपाल ने अपने संबोधन में सरकार की उपलब्धियों को सदन के माध्यम से प्रदेश की जनता तक पहुंचाया है। प्रदेश सरकार ने आमजन के जीवन में सकारात्मक और ठोस बदलाव लाने का कार्य किया है।
गरीबों को पक्के मकान उपलब्ध कराए, युवाओं को पारदर्शी तरीके से रोजगार प्रदान किया, किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य प्रदान किया तथा आयुष्मान योजना के माध्यम से प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति को स्वास्थ्य सुरक्षा कवच देने का कार्य किया है।
प्रदेश सरकार जनकल्याण और विकास के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
Pages:
[1]