खाने में जहर घोलने की थी साजिश, 15 हजार लीटर मिलावटी खाद्य तेल पकड़ा
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/20/article/image/MZN12-1771600498235_m.webpसरसों के तेल की फैक्ट्री पर जांच करती खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम। जागरण
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। त्योहार के मौके पर लोगों के खाने में जहर घोलने की बड़ी साजिश हो रही थी, जो मिलावट के जरिये होनी थी। सरसों और रिफाइंड राइस ब्रान आयल में आर्जीमोन व अरंडी का तेल मिलाया जा रहा था।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की सहारनपुर मंडल की टीम ने गांव वहलना में फैक्ट्री में छापा मारकर इसका भंडाफोड़ किया। मौके से 15 हजार लीटर से अधिक मिलावटी खाद्य तेल के अलावा 17 ब्रांड के रैपर भी मिले हैं। फैक्ट्री को सील कर दिया गया है।
लखनऊ से खाद्य सुरक्षा आयुक्त रोशन जैकब के निर्देश पर शुक्रवार को सहारनपुर मंडल के मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीके राठी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनंत कुमार, अश्वनी पूनम व विशाल ने पुलिस बल साथ लेकर गांव वहलना में काव्या ट्रेडिंग फैक्ट्री में छापा मारा। यहां पर सरसों तेल के अलावा राइस ब्रान रिफाइंड आयल की कई ब्रांड में पैकिंग की जा रही थी।
एफएसडब्ल्यू की वैन बुलाकर जांच कराई गई। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीके राठी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेल में आर्जीमोन और अरंडी का तेल मिलाए जाने की पुष्टि हुई। आर्जीमोन का सरसों तेल में उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके अलावा रंग को भी गर्म करके टैंक में मिलाया जा रहा था, ताकि सरसों के तेल में गहरा पीला रंग आए।
उन्होंने बताया कि क्रूड रिफाइंड आयल को सस्ते दाम पर खरीदकर यहां मिलावट कर पैकिंग की जा रही थी। उन्होंने बताया कि मौके से आठ नमूने लिए गए हैं, जिन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भिजवाया जाएगा।
इतना खाद्य तेल मिला
काव्या ट्रेडिंग फैक्ट्री में लगभग 15 हजार लीटर सरसों तेल, रिफाइंड आयल और राइस ब्रान मिला है। इसकी बाजार में कीमत लगभग 20 लाख रुपये है। इसमें 240 टिन रिफाइंड आयल, 50 टिन सुगंधा ब्रांड का सरसों का तेल और 276 लीटर बादशाह ब्रांड का रिफाइंड राइस ब्रान आयल शामिल है।
पैकिंग मैटीरियल से भरा था फैक्ट्री का कमरा
फैक्ट्री का एक कमरा पैकिंग मैटीरियल से भरा हुआ था। उसमें स्टार बादशाह, सुगंधा, पूजा, पवन हंस, कोल्हू किंग, सरस ब्रांड आदि के रैपर रखे मिले। इनका उपयोग सरसों तेल एवं राइस ब्रान रिफाइंड आयल के टिन व प्लास्टिक बोतलों पर चिपकाकर किया जा रहा था। काव्या ट्रेडिंग फैक्ट्री के संचालक विक्रांत मित्तल का कहना है कि वह सिर्फ ट्रेडिंग का काम करते हैं। यहां सरसों तेल, राइस ब्रान रिफाइंड आयल की पैकिंग कर दुकानदारों को सप्लाई की जाती है।
Pages:
[1]