cy520520 Publish time 2026-2-20 21:56:22

MP: रील की सनक में नेशनल बैडमिंटन प्लेयर का जानलेवा स्टंट, चलती कार में ड्राइविंग सीट छोड़ छत पर चढ़ा, Video वायरल

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/20/article/image/stunt-on-car-218-1771604514456_m.webp

चलती कार पर किया स्टंट (वीडियो ग्रैब)



डिजिटल डेस्क, भोपाल। खेल के मैदान में अनुशासन और फिटनेस के लिए पहचाने जाने वाले भोपाल के जूनियर नेशनल बैडमिंटन खिलाड़ी श्रेष्ठ परमार का एक खतरनाक स्टंट वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस कार्रवाई के दायरे में आ गया है। राजधानी के एकांत पार्क रोड पर देर रात चलती कार के साथ किया गया यह स्टंट 23 सेकेंड की रील में कैद है, जिसने सोशल मीडिया पर हड़कंप मचा दिया।

घटना 6-7 फरवरी की दरमियानी रात करीब तीन बजे की बताई जा रही है। वीडियो में 19 वर्षीय श्रेष्ठ पहले चलती कार की ड्राइविंग सीट छोड़कर सड़क पर उतरता है। कार तय गति से आगे बढ़ती रहती है और वह पीछे से दौड़कर कार का गेट खोलता है, फिर छत पर बैठता है और अंत में खड़े होकर अलग-अलग पोज देता नजर आता है। पीछे चल रहे उसके दोस्त इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाते रहे।

वीडियो सामने आने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने संज्ञान लिया। ट्रैफिक पुलिसकर्मी जितेंद्र अटारिया की शिकायत पर हबीबगंज थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने श्रेष्ठ परमार के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में प्रकरण कायम किया है। जिस कार से स्टंट किया गया, वह उसकी मां के नाम पंजीकृत है।

यह भी पढ़ें- Railway News: होली पर यात्रियों को राहत, भोपाल मंडल से होकर गुजरेंगी तीन स्पेशल ट्रेनें, यहां देखें सूची व टाइमिंग
उभरता खिलाड़ी, लेकिन लापरवाही भारी

पुलिस के अनुसार श्रेष्ठ बागसेवनिया स्थित स्टर्लिंग कॉलोनी होम्स में रहता है। उसके पिता राजगढ़ में स्कूल प्राचार्य हैं और मां होम ट्यूटर हैं। हाल ही में एक चैंपियनशिप से लौटने के बाद वह दोस्तों के साथ घूमने निकला था, जहां यह स्टंट किया गया।

श्रेष्ठ परमार की गिनती राज्य के उभरते बैडमिंटन खिलाड़ियों में होती हैं। अंडर-19 बालक एकल वर्ग में वह लगातार प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेता रहा है और बेहतर प्रशिक्षण के लिए दिल्ली की एक प्रतिष्ठित बैडमिंटन अकादमी में अभ्यास करता है।

पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों से खिलवाड़ और सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Pages: [1]
View full version: MP: रील की सनक में नेशनल बैडमिंटन प्लेयर का जानलेवा स्टंट, चलती कार में ड्राइविंग सीट छोड़ छत पर चढ़ा, Video वायरल