रोडवेज बस में चढ़ रही महिला के पर्स से 8 लाख के जेवर उड़ाए, CCTV में दो आरोपित हुए कैद
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/20/article/image/Mahila-ke-gahne-chori-1771608056224_m.webpजागरण संवाददाता, हरदोई। बस अड्डे पर रोडवेज बस में चढ़ रही महिला की पर्स से दो युवक आठ लाख रुपये के जेवर निकालकर फरार हो गए। बस अड्डे में लगे सीसी कैमरे में आरोपितों की तस्वीर कैद हो गई। पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर दी है।
टड़ियावां के ग्राम हीरालालपुरवा की सालिका ने बताया कि गुरुवार की दोपहर वह पिहानी के ग्राम सल्लिया जाने के लिए हरदोई आई थी। पिहानी जाने के लिए रोडवेज बस अड्डे पर बस में सवार हो रही थी। खिड़की पर चढ़ते समय पीछे खड़े दो युवकों ने उसकी पर्स से चार सोने के कंगन, एक हार, एक जोड़ी झाले, दो अंगूठी, एक मांग बेंदी निकाल ली और फरार हो गए।
बस में चढ़ने पर सालिका ने पर्स देखी तो जेवर गायब मिले। सालिका ने बस से उतरकर शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर रोडवेज कर्मी मौके पर आ गए। सीसी कैमरे खंगालने पर घटना को अंजाम दे रहे दो युवकों की तस्वीर कैद मिलीं।
यह भी पढ़ें- संदिग्ध हालात में वृद्धा की मौत, घर के बरामदे में लाश छोड़कर बेटे हुए फरार
पीड़िता ने जेवरों की कीमत आठ लाख रुपये बताई है। पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर दी। आरोप है कि पुलिस उसकी फरियाद नहीं सुनी। परेशान होकर उसने एसपी को प्रार्थना पत्र दिया है। कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि महिला का आरोप निराधार है। सीसी कैमरे की फुटेज के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जा रही है।
Pages:
[1]