LHC0088 Publish time 2026-2-20 23:28:03

बागपत में दर्दनाक हादसा: हाईवे पार करते समय नर्सिंग की छात्रा को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने रौंदा, मौके पर मौत

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/20/article/image/bagrapt-news-1771611068105_m.webp

छात्रा अंशु, फाइल फोटो



जागरण संवाददाता, बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पार करते समय जीएनएम (जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी) की छात्रा को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। इससे उसकी मौत हो गई। आरोपित चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। वहीं पुलिस ने जांच कर स्कॉर्पियो चालक को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

ग्राम काठा निवासी 21 वर्षीय अंशु पुत्री वीरसैन, स्याद्ववाद इंस्टीट्यूट ऑफ हायर एजुकेशन एंड रिसर्च की जीएनएम द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। स्वजन के मुताबिक अंशु का पिछले कुछ दिनों से इंस्टीट्यूट की तरह से रामा मेडिकल हास्पिटल में अप्रेंटिस कर रही थी।

शुक्रवार दोपहर करीब 12.30 बजे घर से मेडिकल कॉलेज में जा रही थी। बताया गया कि मेडिकल कॉलेज के पास ई-रिक्शा से उतरने के बाद छात्रा डिवाइडर से कूदकर हाईवे पर करने लगी। इसी दौरान बड़ौत की ओर से तेज गति से आई काले रंग की स्कॉर्पियो ने छात्रा को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, हालांकि वहां मौजूद लोग छात्रा को आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. भूपेंद्र कुमार ने छात्रा को मृत घोषित किया। आरोपित चालक गाड़ी को लेकर फरार हो गया।

पुलिस ने हादसा स्थल और अस्पताल में पहुंचकर जांच की। इसके बाद छात्रा के शव को कब्जे में लिया। उधर कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार का कहना है कि स्कॉर्पियो की टक्कर से छात्रा की मृत्यु हुई है। सीसीटीवी कैमरे की मदद से स्कॉर्पियो के चालक को गिरफ्तार किया जाएगा।

सिर में गंभीर चोट लगने से गई जान

इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. भूपेंद्र कुमार का कहना है कि प्राथमिक जांच में सामने आया कि छात्रा की सिर में गंभीर चोट लगने से जान गई है, सही पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट से चलेगा।

बहुत होनहार थी अंशु, अन्य छात्राओं का रो-रोकर हुआ बुरा हाल

अंशु के पिता वीरसैन प्राइवेट नौकरी करते है। उसके चार बहन और एक भाई हैं। एक बहन मेडिकल कॉलेज मेरठ में स्टाफ नर्स के पद पर कार्यरत है। अंशु पढ़ाई-लिखाई में बहुत होनहार थी। हादसे की जानकारी मिलने पर पीड़ित स्वजन ही नहीं साथी छात्राएं भी जिला अस्पताल में मर्चरी के बाहर पहुंची। उनका रो-रोकर बुरा हाल हुआ।

यह भी पढ़ें- बागपत में बरात चढ़त के समय हर्ष फायरिंग, गोली लगने से युवक घायल; गंभीर हालत में भर्ती
Pages: [1]
View full version: बागपत में दर्दनाक हादसा: हाईवे पार करते समय नर्सिंग की छात्रा को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने रौंदा, मौके पर मौत