Chikheang Publish time 2026-2-20 23:28:08

सरकारी जमीन को अपनी बताकर लाखों रुपए की ठगी करने वाले गिरोह का एक और सदस्य गिरफ्तार, नकदी और लग्जरी कार बरामद

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/20/article/image/shamli-news-(6)-1771611336562_m.webp

आदर्श मंडी पुलिस की गिरफ्त में आरोपित



जागरण संवाददाता, शामली। आदर्श मंडी पुलिस और स्वाट टीम ने मिलकर सरकारी व प्राइम लोकेशन की संपत्तियों के फर्जी दस्तावेज तैयार कर करोड़ों की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने इस मामले में एक अन्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक लाख रुपये की नकदी और ठगी की रकम से अर्जित लग्जरी कार बरामद की है।

शुक्रवार को आदर्श मंडी पुलिस ने धोखाधड़ी के मामले में लाला कुमार उर्फ रवि कुमार पुत्र गंगादास निवासी आदर्श नगर कालोनी हापुड़ को गिरफ्तार किया। आरोपित के पास से बरामद गाड़ी का प्रयोग धोखाधड़ी की घटनाओं को अंजाम देने में किया जा रहा था। पिछले दिनों हरिद्वार के रुड़की निवासी आदित्य कुमार सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया था कि आरोपितों ने फर्जी खसरा-खतौनी दिखाकर उससे 20 लाख रुपये हड़प लिए थे।

इसी तरह बागपत निवासी विजय कुमार के पिता से भी सितंबर 2025 में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर 30 लाख रुपये की ठगी की गई थी। पुलिस ने इन मामलों में मुकदमा दर्ज किया था और 21 जनवरी को इस गिरोह के सात सदस्यों निखिल मलिक, अशोक, पुष्पेंद्र, जगतपाल, रणजीत, राजीव और अंकित को गिरफ्तार कर उनके पास से सात लाख रुपये और दो लग्जरी कारें बरामद की थीं।

जांच में सामने आया है कि यह गिरोह शातिर तरीके से सरकारी या शहर की महंगी जमीनों को चिन्हित करता था और फिर उनके कूट रचित कागजात तैयार कर भोले-भाले लोगों को अपना शिकार बनाता था। शुक्रवार को फरार चल रहे आरोपित लाला उर्फ रवि को भी गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी एनपी सिंह ने बताया कि इस गिरोह में करीब 20 से अधिक लोग शामिल है। सभी की तलाश की जा रही है।

यह भी पढ़ें- शामली में BJP नेता के वायरल वीडियो पर यूपी कांग्रेस ने साधा निशाना, एक्स पर लिखा- सत्ता का नशा और गुंडागर्दी का संगम
Pages: [1]
View full version: सरकारी जमीन को अपनी बताकर लाखों रुपए की ठगी करने वाले गिरोह का एक और सदस्य गिरफ्तार, नकदी और लग्जरी कार बरामद