बेरोजगारी भत्ता नहीं देगी सरकार, युवाओं को बना रहे आत्मनिर्भर: श्रम मंत्री अनिल राजभर
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/21/article/image/lucknow-news-(25)-1771612203340_m.webpलखनऊ में शुक्रवार को विधानमंडल बजट सत्र के दौरान विधान सभा में बोलते श्रम मंत्री अनिल राजभर।
राज्य ब्यूरो, जागरण लखनऊ। विधान सभा में शुक्रवार को मुख्य विपक्षी दल सपा ने बेरोजगारी का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया। प्रश्नकाल के दौरान सपा ने पूछा कि जब सरकार पर्याप्त नौकरियां नहीं दे पा रही है तो क्या पूर्व की सरकार की तरह बेरोजगारी भत्ता देने पर विचार करेगी? इस पर श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने जवाब दिया कि ‘सरकार कोई बेरोजगारी भत्ता देने नहीं जा रही है। सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बना रही है। बेरोजगारी भत्ता अस्थायी समाधान हो सकता है लेकिन स्थायी समाधान रोजगार सृजन है।’
सपा व कांग्रेस ने सरकार द्वारा गठित आउटसोर्सिंग कॉरपोरेशन के कामकाज पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि पांच महीने बीतने के बाद भी इस कॉरपोरेशन ने जमीनी स्तर पर काम शुरू नहीं किया है। सपा के संदीप सिंह व पंकज मलिक ने कहा कि सरकार रोजगार के नाम पर प्लंबर, पेंटर व मजदूर बनाने का काम कर रही है।
युवाओं को जब तक रोजगार सरकार उपलब्ध नहीं कराती है तब तक क्या बेरोजगारी भत्ता देने पर विचार करेगी? कांग्रेस सदस्य आराधना मिश्रा मोना ने बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए पूछा कि प्रदेश में 50 लाख से अधिक पंजीकृत बेरोजगार हैं, लेकिन रोजगार मेलों के माध्यम से उन्हें सम्मानजनक वेतन और रोजगार क्यों नहीं मिल पा रहा है?
श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि सरकार की बेरोजगारी भत्ता देने की कोई योजना नहीं है। सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से रोजगार बढ़ाने के लिए काम कर रही है। अब तक सरकार 8.45 लाख सरकारी नौकरियां दे चुकी है।
आउटसोर्सिंग निगम बन गया है। मंत्री के इस जवाब से असंतुष्ट होकर सपा सदस्य नारेबाजी करते हुए सदन से बाहर जाने लगे। इसी बीच विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना ने टिप्पणी की ‘अरे, मन नहीं है जाने का… बैठ जाइए आप लोग, आज अंतिम दिन है, मैं चाहता हूं सब रहें।’ इस चुटीली टिप्पणी के कुछ देर बाद ही सपा सदस्य वापस अपनी सीटों पर बैठ गए।
Pages:
[1]