Chikheang Publish time 2 hour(s) ago

Namo Bharat Train: एयरपोर्ट हो या लालकिला सभी को मेरठ के पास ले आएगी नमो भारत

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/21/article/image/namo-bharat-1771612765818_m.webp



जागरण संवाददाता, मेरठ। नमो भारत ट्रेन मेरठ से दिल्ली जाने वाले लोगों के लिए वरदान से कम नहीं होगी। दिल्ली जाने के नाम से घबराने वाले लोग इसका संचालन शुरू होने के बाद दिल्ली को मेरठ के किसी मोहल्ले से ज्यादा नहीं समझेंगे। दिल्ली पहुंचकर वहां के प्रमुख स्थानों कनाट प्लेस, लालकिला, चांदनी चौक, सुप्रीम कोर्ट, एयरपोर्ट, इंडिया गेट, संसद आदि तक जाना भी आसान होगा।

बहुत ही कम समय में कोई भी दिल्ली घूमकर वापस मेरठ आ जाएगा। हम आपको बता रहे हैं कि नमो भारत ट्रेन (rapid rail) से दिल्ली के सराय काले खां स्टेशन पहुंचने के बाद दिल्ली के प्रमुख स्थानों, गुरुग्राम और फरीदाबाद तक की यात्रा किस प्रकार आसानी से की जा सकेगी। इस यात्रा में लगने वाले समय और किराया भी हम बता रहे हैं।
1. सराय काले खां से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन

सराय काले खां उतरकर निजामुद्दीन मेट्रो स्टेशन से पिंक लाइन से लाजपत नगर या आईएनए पहुंचे। यहां से यलो लाइन बदलकर नई दिल्ली स्टेशन पहुंच सकते हैं। नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन सीधे रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म 16 (अजमेरी गेट की ओर) से जुड़ा हुआ है। इस यात्रा की कुल दूरी 13 से 14 किमी की है लेकिन इसमें लगभग 25-30 मिनट लगते हैं। किराया लगभग 43 रुपये होगा।
2. सराय काले खां स्टेशन से एयरपोर्ट

नमो भारत के सराये काले खां स्टेशन पर उतरकर एयरपोर्ट जाने के लिए सराय काले खां मेट्रो स्टेशन (पिंक लाइन) से लाजपत नगर तक जाकर, वहां से वायलेट लाइन बदलकर कालकाजी मंदिर और फिर मर्जेंटा लाइन से सीधे 30 मिनट में और 50 रुपये किराया में एयरपोर्ट टर्मिनल 1 (T1) पहुंचा जा सकता है।

एयरपोर्ट टर्मिनल 3 (T3)के लिए सराय काले खां (हज़रत निज़ामुद्दीन) मेट्रो स्टेशन से पिंक लाइन से दुर्गाबाई देशमुख साउथ कैंपस तक जाना होगा। यहां से धौला कुआँ पहुंचकर आरेंज लाइन से एयरपोर्ट एक्सप्रेस लें। इस 31 किमी की यात्रा में लगभग 55-60 मिनट लगेंगे। कुल किराया लगभग 100 रुपये होगा। पहली मेट्रो सुबह 6.15 बजे उपलब्ध है।
3. सराय काले खां से एम्स

नमो भारत के सराय काले खां स्टेशन पर उतरकर एम्स जाने के लिए दिल्ली मेट्रो के सराय काले खां स्टेशन से पिंक लाइन से लाजपत नगर अथवा सरोजिनी नगर इंटरचेंज तक पहुंचे। यहां से येलो लाइन (समयपुर बादली की ओर) मेट्रो लेकर एम्स मेट्रो स्टेशन पर उतरें। इस यात्रा में 15 मिनट का समय और 32 रुपये किराया लगेगा। इस बीच कुल सात स्टेशन आएंगे।
4. सराय काले खां से गुरुग्राम

नमो भारत के सराय काले खां स्टेशन पर उतरकर गुरुग्राम (मिलेनियम सिटी सेंटर) जाने के लिए दिल्ली मेट्रों के सराय काले खां स्टेशन से पिंक लाइन पर आइएनए स्टेशन तक पहुंचे। यहां से येलो लाइन पर मिलेनियम सिटी सेंटर स्टेशन के लिए ट्रेन लें। इस यात्रा में लगभग 60 मिनट का समय लगेगा। जिसके लिए किराया 86 रुपये होगा। इस मार्ग में लगभग 28 स्टेशन आएंगे। सराय काले खां स्टेशन से आर टैक्सी लेकर 35 मिनट और 800 रुपये के खर्च में भी गुरुग्राम पहुंच सकते हैं।
5. सराय काले खां से फरीदाबाद

नमो भारत के सराय काले खां स्टेशन से फरीदाबाद जाने के लिए दिल्ली मेट्रो के सराय काले खां स्टेशन से पिंक लाइन पर पहले लाजपत नगर स्टेशन तक जाना होगा। यहां से वायलट लाइन की मदद से ओल्ड फरीदाबाद, नीलम चौक, अजरौंडा या पिर सेक्टर 28 मेट्रो स्टेशन पर उतर सकते हैं। इस यात्रा में लगभग 54 रुपये किराया देना होगा। 45 मिनट का समय लगेगा।
6. सराय काले खां से साउथ एक्सटेंशन

सराय काले खां मेट्रो स्टेशन से साउथ एक्सटेंशन पहुंचने के लिए पिंक लाइन मेट्रो सबसे सीधा और तेज़ साधन है। यह यात्रा लगभग 7-8 मिनट में पूरी हो जाती है। इस बीच में पांच स्टेशन आते हैं। इस यात्रा के लिए 21 रुपये किराया देना होगा।
7. सराय काले खां से दिल्ली विश्वविद्यालय नार्थ कैंपस

सराय काले खां दिल्ली मेट्रो स्टेशन की पिंक लाइन से पहले आजादपुर पहुंचना होगा। यहां से येलो लाइन लेकर विश्वविद्यालय के मेट्रो स्टेशन पर पहुंच सकते हैं। इस यात्रा में 40 मिनट का समय और किराया 50 रुपये लगेगा। इस यात्रा में कुल 19 स्टेशन आएंगे।
8. सराय काले खां से आइएसबीटी

सराय काले खां दिल्ली मेट्रो स्टेशन की पिंक लाइन से सीधे कश्मीरी गेट स्टेशन पहुंच सकते हैं। जो कि आइएसबीटी से सटा है। 16 किमी की इस दूरी को तय करने में 30 से 35 मिनट का समय लगता है। जिसका किराया लगभग 43 रुपये होगा।
9. सराय काले खां से कनाट प्लेस

सराय काले खां दिल्ली मेट्रो स्टेशन की पिंक लाइन से आइएनए स्टेशन तक पहुंचे। यहां से येलो लाइन की मदद से राजीव चौक स्टेशन पर उतरे। यह स्टेशन कनाट प्लेस के केंद्र में है। इस यात्रा में लगभग 40 मिनट लगेंगे और किराया 50 रुपये लगेगा।
10. सराय काले खां से चांदनी चौक

सराय काले खां दिल्ली मेट्रो स्टेशन की पिंक लाइन से केंद्रीय सचिवालय अथवा आइएनए स्टेशन तक पहुंचे। यहां से येलो लाइन में एक इंटरचेंज के साथ सीधे चांदनी चौक स्टेशन पर पहुंचेंगे। इस यात्रा में 25 मिनट का समय लगेगा और लगभग 54 रुपये किराया देना होगा।
11. सराय काले खां से सुप्रीम कोर्ट

सराय काले खां दिल्ली मेट्रो स्टेशन की पिंक लाइन से मयूर विहार पाकेट एक स्टेशन पहुंचकर लाइन बदलनी होगी। यहां से ब्लू लाइन पर नोएडा, वैशाली और द्वारका सेक्टर 21 को जाने वाली मेट्रो ट्रेन पकड़कर प्रगति मैदान (सुप्रीम कोर्ट ) स्टेशन पर पहुंच जाएंगे। 6 किमी की यह यात्रा होगी जिसके लिए 30 रुपये किराया देना होगा।
12. सराय काले खां से लालकिला

सराय काले खां दिल्ली मेट्रो स्टेशन की पिंक लाइन से लाजपत नगर अथवा मयूर विहार फेस एक स्टेसन पर पहुंचे। यहां से वायलेट लाइन से लालकिला मेट्रो स्टेशन पहुंचें। इस यात्रा में 40 मिनट का समय लगेगा और किराया 50 रुपये होगा।
Pages: [1]
View full version: Namo Bharat Train: एयरपोर्ट हो या लालकिला सभी को मेरठ के पास ले आएगी नमो भारत