Chikheang Publish time 2 hour(s) ago

Crypto Trading के नाम पर पटना में 6.92 लाख की ठगी, सात अन्य भी बने शिकार

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/21/article/image/cripto-1771643801977_m.webp

राजधानी में साइबर ठगों ने क्रिप्टो ट्रेडिंग के नाम पर एक युवक से 6.92 लाख रुपये ठगा



जागरण संवाददाता, पटना। राजधानी में साइबर ठगों ने क्रिप्टो ट्रेडिंग के नाम पर एक युवक से 6.92 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित को अंजान नंबर से फोन कर हर दिन भारी मुनाफा कमाने का भरोसा दिलाया गया। ठगों ने खुद को निवेश सलाहकार बताते हुए क्रिप्टो मार्केट में तेजी का हवाला दिया।

शुरुआत में युवक को एक एप डाउनलोड कराया गया, जहां निवेश पर बढ़ता हुआ मुनाफा दिखाया गया। एप पर फर्जी ग्राफ और बैलेंस देखकर युवक को भरोसा हो गया। इसके बाद उसने ठगों द्वारा बताए गए बैंक खाते में किस्तों में रकम ट्रांसफर करनी शुरू कर दी।
निकासी के समय खुला फर्जीवाड़े का राज

जब युवक ने जमा राशि निकालने की कोशिश की, तो ठगों ने 30 प्रतिशत मेंबरशिप फीस जमा करने की शर्त रख दी। इतना ही नहीं, अतिरिक्त पांच लाख रुपये जमा करने का भी दबाव बनाया गया।

यहीं पर युवक को ठगी का अहसास हुआ। संपर्क करने पर कॉल रिसीव होना बंद हो गया और एप भी काम करना बंद कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
सात और लोग बने अलग-अलग तरीकों से शिकार

इसी तरह सात अन्य लोगों से भी अलग-अलग तरीकों से ठगी की गई। किसी को बिजली कंपनी का अधिकारी बनकर बिल अपडेट करने के नाम पर ठगा गया, तो किसी से क्रेडिट कार्ड अपडेट कराने के बहाने ओटीपी हासिल कर रकम निकाली गई।

इन मामलों में कुल मिलाकर करीब 15 लाख रुपये की निकासी की गई है। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधी नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं।
साइबर पुलिस जांच में जुटी, सावधानी की अपील

पीड़ितों की शिकायत पर साइबर थाने की पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बैंक खातों और कॉल डिटेल्स की जांच की जा रही है।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अनजान कॉल, लिंक या निवेश के झांसे में न आएं। किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें और नजदीकी साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
Pages: [1]
View full version: Crypto Trading के नाम पर पटना में 6.92 लाख की ठगी, सात अन्य भी बने शिकार