मैट्रिक परीक्षा देने जा रही गर्भवती महिला की सड़क हादसे में मौत, ट्रक की ठोकर से उजड़ा परिवार
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/21/article/image/ghayal-pati-1771644747228_m.webpघटना में बाद घायल पति और अन्य
जागरण संवाददाता, हाजीपुर(वैशाली)। जंदाहा रोड स्थित बिदुपुर थाना क्षेत्र के चक सिकंदर बाजार में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह माह की गर्भवती महिला की मौत हो गई। अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार दंपति को ठोकर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही गंभीर स्थिति हो गई, जबकि पति और उनकी छोटी बेटी घायल हो गए।
घटना के बाद बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल सभी को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
मैट्रिक परीक्षा देने जा रही थी महिला
मृतका की पहचान महनार थाना क्षेत्र के नारायणपुर ढेढपुरा गांव निवासी रवि कुमार की 22 वर्षीय पत्नी काजल कुमारी के रूप में हुई है। बताया गया कि काजल कुमारी छह माह की गर्भवती थीं।
वह हाजीपुर में दिघी जेल के पास स्थित एक निजी कॉलेज में दूसरी पाली में आयोजित मैट्रिक परीक्षा देने जा रही थीं। पति रवि कुमार उन्हें बाइक से परीक्षा केंद्र तक छोड़ने जा रहे थे।
टक्कर मारकर फरार हुआ ट्रक चालक
चक सिकंदर के पास अचानक एक अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दंपति सड़क पर गिर पड़े।
रवि कुमार ने आरोप लगाया कि टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
परिवार में मचा कोहराम, दो साल पहले हुई थी शादी
अस्पताल में महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। दो वर्ष पहले ही रवि कुमार और काजल कुमारी की शादी हुई थी। उनकी एक छोटी बेटी भी है।
पत्नी की मौत से पति सदमे में हैं। उन्होंने इलाज में लापरवाही का भी आरोप लगाया है। इधर, पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
गांव में मातम पसरा है और स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। परीक्षा देने निकली एक गर्भवती महिला की असमय मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
Pages:
[1]