Chikheang Publish time 2026-2-21 11:57:44

बिहार में पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं की निगरानी, शिवहर में 53 नोडल पदाधिकारी तैनात

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/21/article/image/DM-sheohar-1771656303728_m.webp

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। फोटो सौ: पीआरडी



जागरण संवाददाता, शिवहर। Panchayat Level Monitoring: जिले में विकास योजनाओं की प्रभावी निगरानी और पारदर्शी क्रियान्वयन के लिए अब पंचायत स्तर पर माइक्रो मॉनीटरिंग की व्यवस्था लागू की गई है। जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने जिले की सभी 53 पंचायतों के लिए एक-एक नोडल पदाधिकारी नामित किया है।

नोडल पदाधिकारी संबंधित पंचायतों में संचालित सभी सरकारी और विकास योजनाओं के अनुश्रवण एवं पर्यवेक्षण के लिए उत्तरदायी होंगे। विकास कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इन अधिकारियों को विशेष प्रभार सौंपा गया है।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि सभी नामित नोडल पदाधिकारी प्रत्येक बुधवार और गुरुवार को अनिवार्य रूप से अपने आवंटित पंचायतों एवं गांवों का भ्रमण करेंगे। इस दौरान वे योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी शिकायतों व समस्याओं का त्वरित निष्पादन भी सुनिश्चित करेंगे।

इस संबंध में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही भ्रमण के बाद विस्तृत प्रतिवेदन अनिवार्य रूप से जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराने को कहा गया।

निरीक्षण के दिन पंचायत स्तर के सभी कर्मियों की कार्यस्थल पर उपस्थिति सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी संबंधित प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को सौंपी गई है। जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े योग्य लाभुक तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पंचायतों में नोडल पदाधिकारियों की तैनाती से विकास योजनाओं को गति मिलेगी और निगरानी व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।

बैठक में एसडीओ अविनाश कुणाल, एडीएम मेधावी, डीडीसी बृजेश कुमार, ओएसडी संदीप कुमार, एसडीपीओ सुशील कुमार सहित सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। इसकी जानकारी जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी प्रेम प्रकाश ने दी।
Pages: [1]
View full version: बिहार में पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं की निगरानी, शिवहर में 53 नोडल पदाधिकारी तैनात