cy520520 Publish time 1 hour(s) ago

पुपरी बाईपास निर्माण को लेकर बड़ी पहल, विधायक की मांग से शहर को जाम से मिलेगी राहत

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/21/article/image/Ppuri-bypass-sitamarhi-1771669993137_m.webp

Pupri Traffic Problem:कुछ मिनटों का सफर तय करने में लग जाते हैं घंटों। फाइल फोटो



संवाद सहयोगी, पुपरी (सीतामढ़ी)। Pupri Bypass Road: पुपरी शहर को जाम से स्थायी राहत मिलने की उम्मीदें एक बार फिर तेज हो गई हैं। वर्षों से लंबित पुपरी बाईपास सड़क निर्माण का मुद्दा शुक्रवार को बिहार विधानसभा में मजबूती से उठाया गया।

सुरसंड के विधायक प्रो. नागेंद्र राउत ने शून्यकाल के दौरान सदन में पुपरी में बाईपास सड़क नहीं होने से उत्पन्न गंभीर यातायात समस्या की ओर सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया और पूर्व से प्रस्तावित बाईपास सड़क को शीघ्र स्वीकृति देने की मांग की।
जगी उम्मीद की किरण

विधायक द्वारा सदन में यह मुद्दा उठाए जाने की सूचना मिलते ही पुपरी शहरवासियों में उम्मीद की किरण जगी है। शहर के टावर चौक, कारपुरी चौक और स्टेशन रोड जैसे व्यस्त इलाकों में हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। आम दिनों में कुछ मिनटों का सफर तय करने में घंटों लग जाते हैं। इस समस्या के समाधान की मांग स्थानीय लोग वर्षों से करते आ रहे हैं।
लगातार हो रही मांग

बताया गया कि प्रस्तावित बाईपास सड़क के निर्माण को लेकर जिला प्रशासन द्वारा दिसंबर माह में ही बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग के सचिव को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी लगातार जनप्रतिनिधियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया था, जिसके बाद अब यह मामला विधानसभा तक पहुंचा है।
पुपरी बाईपास क्यों है जरूरी

1. जाम से मिलेगी मुक्ति :बाईपास के निर्माण से भारी वाहनों का दबाव शहर के अंदरूनी हिस्सों से हटेगा, जिससे आम नागरिकों को राहत मिलेगी।

2. क्षेत्रीय कनेक्टिविटी होगी मजबूत: पुपरी, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, सुरसंड और चोरौत जैसे क्षेत्रों को जोड़ने वाला अहम केंद्र है। बाईपास से आवागमन तेज और सुगम होगा।

3. आपातकालीन सेवाओं को राहत: जाम के कारण एंबुलेंस और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। बाईपास बनने से गंभीर मरीजों को बड़े अस्पतालों तक समय पर पहुंचाया जा सकेगा।

4. व्यापार और रोजगार को बढ़ावा: मालवाहक वाहनों की आसान आवाजाही से व्यापार को गति मिलेगी। बाईपास के आसपास नए व्यावसायिक प्रतिष्ठान खुलने से स्थानीय युवाओं को रोजगार भी मिलेगा।

5. प्रदूषण और दुर्घटनाओं में कमी: भारी वाहनों के शहर से बाहर निकलने से ध्वनि, धूल और वायु प्रदूषण में कमी आएगी, साथ ही सड़क हादसों का खतरा भी घटेगा।
क्या है वर्तमान स्थिति?

प्रस्तावित योजना के अनुसार पुपरी बाईपास की लंबाई करीब 8.5 किलोमीटर होगी। यह NH-527C सिंगियाही से शुरू होकर बुढ़नद नदी बांध और बेलमोहन रेलवे गुमटी होते हुए गुजरेगी। परियोजना का डीपीआर तैयार है और उच्च स्तर पर स्वीकृति की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। अब स्थानीय लोगों को सिर्फ इसके जल्द धरातल पर उतरने का इंतजार है।
Pages: [1]
View full version: पुपरी बाईपास निर्माण को लेकर बड़ी पहल, विधायक की मांग से शहर को जाम से मिलेगी राहत