DM साहब...! मैं तो शिकायत लिखवाने गया था, पुलिस ने मेरे ऊपर ही दर्ज कर दिया मुकदमा
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/21/article/image/_sampurn-samadhan-1771691438882_m.webpसंवाद सूत्र, संडीला। शनिवार को तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें डीएम अनुनय झा व एसपी अशोक कुमार मीणा ने फरियादियों की समस्याएं सुनी। डीएम ने छह फरियादियों की शिकायत का मौके पर निस्तारण कराया, जबकि 120 फरियादियों की शिकायत का जल्द निस्तारण कराने का आश्वासन दिया।
ग्राम तिराहा हार मजरा समोधा निवासी लेखाना ने शिकायत की कि उनके खेत में खड़े यूकेलिप्टस के 12 पेड़ दिलीप ने काट दिए। विरोध करने पर मारपीट की। कछौना पुलिस ने शिकायत करने पर उल्टा उनके खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर लिया, जिसकी शिकायत उच्चाधिकारियों व संपूर्ण समाधान दिवस में की।
नहीं हुई कोई कार्रवाई
इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्राम सपहैया मजरा मुसलमानाबाद निवासी गंगाराम ने बताया कि गांव के गाटा संख्या 418 पर उमेश, अनूप और मंजेश ने अवैध कब्जा कर रखा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कई बार थाने, उच्चाधिकारियों और संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्राम रैसो के चंदिका ने बताया कि करीब 30 वर्ष पूर्व तत्कालीन ग्राम प्रधान ने पोखर किनारे लगभग 100 वर्ग फीट जमीन आवास के लिए लिखित रसीद के साथ दी थी और सुविधा शुल्क भी लिया था। अब निर्माण कार्य शुरू करने पर वर्तमान प्रधान ने रोक लगा दी है। फरियादियों की शिकायत को लेकर डीएम ने नाराजगी जताई। कहा कि फरियादियों को छोटी-छोटी शिकायत को लेकर बार-बार परेशान न किया जाए।
यह भी पढ़ें- किसान की फाइल लटकाना पड़ा भारी, DM ने पेशकार को किया निलंबित
उनकी शिकायत का मौके पर निराकरण कराया जाए, ताकि लोग बार-बार परेशान न हो। एसडीएम नारायणी भाटिया, अजय कनौजिया, संतोष कुमार सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी डा. ब्रजेश त्रिपाठी, तहसीलदार अमित यादव सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Pages:
[1]