LHC0088 Publish time Yesterday 23:26

झज्जर में बहादुरगढ़ रोड पर फॉर्च्यूनर ने बाइक सवार को मारी टक्कर, 100 मीटर तक घसीटा; दर्दनाक मौत

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/21/article/image/dead-body-(8)-1771697032959_m.webp

झज्जर में बहादुरगढ़ रोड पर फॉर्च्यूनर ने बाइक सवार को मारी टक्कर। फाइल फोटो



जागरण संवाददाता, झज्जर। शहर के बहादुरगढ़ रोड पर शनिवार को एक अनियंत्रित फार्च्यूनर गाड़ी ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई।

हादसा इतना जबरदस्त था कि टक्कर के बाद गाड़ी बाइक और चालक को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गई और अंत में डिवाइडर फांदकर सड़क के दूसरी ओर बने नाले में जा फंसी।

मृतक की पहचान मेहराणा गांव निवासी सत्यवीर सिंह (पुत्र रामकिशन) के रूप में हुई है। वे दिल्ली डीटीसी में होमगार्ड के पद पर कार्यरत थे और अपनी बाइक पर बहादुरगढ़ की ओर जा रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फार्च्यूनर की गति अत्यधिक तेज थी। एक गली से मुख्य सड़क पर आते ही गाड़ी बेकाबू हो गई। बाइक को टक्कर मारने के साथ ही इसने पास से गुजर रही खाटू श्याम जा रहे श्रद्धालुओं की कार को भी साइड मारी, हालांकि कार सवार बाल-बाल बच गए।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, फार्च्यूनर में दो-तीन महिलाएं सवार थीं। गाड़ी के एयर बैग खुलने के कारण वे सुरक्षित बच गईं, जिन्हें मामूली चोटें आई हैं। हादसे के बाद वे किसी निजी अस्पताल में उपचार के लिए चली गईं। इससे पहले टक्कर के बाद फार्च्यूनर ने डिवाइडर को क्रास किया। राहत की बात यह रही कि जब गाड़ी डिवाइडर कूदकर दूसरी साइड पहुंची, तब वहां से ज्यादा वाहन नहीं गुजर थे, अन्यथा हादसा और भी बड़ा हो सकता था।

हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई और काफी समय तक यातायात बाधित रहा। स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। लोगों ने बताया, सीएनजी पंप होने के कारण इस रोड पर वाहनों का दबाव बहुत अधिक रहता है। लोगों का कहना है कि पिछले कुछ ही समय में इस रोड पर यह चौथा बड़ा हादसा है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि वाहनों की गति पर अंकुश लगाने के लिए सड़क के दोनों ओर तुरंत स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं।

पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया गया है। मृतक के स्वजनों को सूचित कर दिया गया है। रविवार को चिकित्सकों की टीम द्वारा शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। गाड़ी सहित चालक की डिटेल एकत्रित की जा रही है।
Pages: [1]
View full version: झज्जर में बहादुरगढ़ रोड पर फॉर्च्यूनर ने बाइक सवार को मारी टक्कर, 100 मीटर तक घसीटा; दर्दनाक मौत