cy520520 Publish time 2 hour(s) ago

देहरादून: विधायक उमेश शर्मा काऊ और उनके समर्थकों पर जानलेवा हमले का मुकदमा

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/22/article/image/Case-of-murderous-attack-on-MLA-and-his-supporters-1771700832391_m.webp

शिक्षा निदेशालय में अजय कुमार नौडियाल के साथ मारपीट प्रकरण के बाद रायपुर विधायक को कार्यालय के बाहर लेकर जाता सुरक्षाकर्मी। वहीं, निदेशक के कार्यालय में गिरी कुर्सी।



जागरण संवाददाता, देहरादून। निदेशक प्रारंभिक शिक्षा अजय कुमार नौडियाल ने विधायक उमेश शर्मा काऊ व उनके समर्थकों के विरुद्ध गाली-गलौच, मारपीट व गोली मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है।

पुलिस को दी शिकायत में शिक्षा निदेशक ने कहा कि 21 फरवरी की दोपहर 12:10 बजे विधायक उमेश शर्मा काऊ एवं उनके कई समर्थक प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय स्थित उनके कार्यालय कक्ष में पहुंचे। इसकी उन्हें पूर्व सूचना नहीं थी।

शिकायतकर्ता ने बताया कि उस समय उनके कक्ष में कार्यालय कार्मिक एसपी डबराल, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी मुकेश बहुगुणा व अन्य अधिकारी व कर्मचारी विभागीय कार्यों से संबंधित पत्रावलियों पर चर्चा कर रहे थे।

आरोप है कि विधायक ने उनके कक्ष में प्रवेश करते ही सभी कार्मिकों को गाली-गलौच करते हुए बाहर निकलने के लिए कहा। उनके साथ आए समर्थकों ने बाहर न जाने पर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

विधायक के निर्देशों का पालन करते हुए कार्मिक बाहर निकल गए। कार्मिकों के बाहर निकलते ही विधायक ने अपने समर्थकों को दरवाजा बंद करने के लिए कहा और उनका फोन जब्त कर लिया।

शिक्षा निदेशक के अनुसार, वह कक्ष में अकेले थे, जबकि विधायक एवं उनके साथी उन्हें लगातार गालियां दे रहे थे। साथ ही राजकीय प्राथमिक विद्यालय का कार्य उनके सम्मुख ही निस्तारित करने के लिए कह रहे थे।

उन्होंने विधायक को बताया कि प्रकरण शासन को प्रेषित किया गया है तथा इस पर निर्णय शासन स्तर से ही लिया जा सकता है। विधायक एवं उनके समर्थक लगातार उन्हें जान से मारने की धमकी देते रहे और धक्कामुक्की करते रहे।

दरवाजा अंदर से बंद था। आवाज बाहर जा रही थी। विधायक के इस व्यवहार एवं उनके साथ आए समर्थकों की गुंडागर्दी को देखते हुए कार्मिक कक्ष के बाहर एकत्र होने लगे और दरवाजा खोलने की कोशिश करने लगे।
कार्मिकों ने 12:37 पर पुलिस को दी सूचना

निदेशक ने बताया कि किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए कार्मिकों ने 12.37 पर कंट्रोल रूम को सूचना दी। रिपोर्ट करने के कुछ समय बाद कार्मिकों के जोर जबरदस्ती करने पर अंदर से दरवाजा खोला गया तथा कार्मिक अंदर आ गए।

कार्मिकों ने कक्ष में आने के बाद बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन विधायक एवं उनके साथी मारपीट पर उतारू हो गए और उन्होंने महिला कार्मिकों के साथ भी गाली-गलौज व अभद्रता की। जब कार्मिकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया तो विधायक उमेश शर्मा व उनके समर्थकों ने जानलेवा हमला कर दिया और जो कार्मिक बचाव में आए उन पर भी जानलेवा हमला किया।

हमले में कुछ कार्मिक घायल हो गए। इस अवधि में अन्य निकटवर्ती कार्यालयों के अन्य कार्मिक भी उनके कार्यालय में एकत्र हो गए। बढ़ती भीड़ को देखते हुए विधायक एवं उनके साथ समर्थकों ने कार्यालय की पत्रावलियों को फाड़ दिया व कुछ दस्तावेज साथ भी ले गए।
कक्ष में रखी कुर्सियां फेंकी, गोली मारने की दी धमकी

शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपितों ने कक्ष में रखी कुर्सी उठाकर उनके ऊपर व अन्य कार्मिकों पर फेंकी और बाहर निकल गए। इस जानलेवा हमले में उनके आंख पर गंभीर चोटें आई। जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया।

कार्यालय में आए समर्थक कक्ष में हुई मारपीट से संतुष्ट नहीं हुए तथा उन्होंने कार्यालय के फर्नीचर तोड़ते हुए एवं गाली-गलौच करते हुए बाहर निकल गए। निकलते समय समर्थकों ने धमकी दी कि अभी तो तू बच गया है अगली बार तुझ नहीं छोड़ेंगे। साथ ही उन्हें व कार्मिकों को गोली मारने की भी धमकी दी गई।

यह भी पढ़ें- देहरादून में शिक्षा निदेशक पर हमला विवाद: शिक्षक संगठनों ने ननूरखेड़ा में लगाया जाम, थाने का किया घेराव

यह भी पढ़ें- देहरादून में प्रारंभिक शिक्षा निदेशक पर हमले के बाद शिक्षक संगठनों में आक्रोश, दोषियों की गिरफ्तारी की मांग तेज

यह भी पढ़ें- देहरादून में प्रारंभिक शिक्षा निदेशक पर जानलेवा हमला, विधायक काऊ समेत अन्य पर मुकदमा
Pages: [1]
View full version: देहरादून: विधायक उमेश शर्मा काऊ और उनके समर्थकों पर जानलेवा हमले का मुकदमा