deltin33 Publish time 2 hour(s) ago

देहरादून में शिक्षा निदेशक से मारपीट मामला: भाजपा नेतृत्व की सख्ती, नरम पड़े विधायक उमेश शर्मा काऊ के तेवर

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/22/article/image/MLA-Umesh-Sharma-Kau-1771701786592_m.webp

विधायक उमेश शर्मा काऊ की फोटो।



राज्य ब्यूरो, देहरादून। दिल्ली में एआइ समिट के दौरान युवक कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन से भाजपा को कांग्रेस के खिलाफ मुखर होने का मुद्दा मिला था।

पार्टी ने कांग्रेस के खिलाफ प्रदेश में कई जगह प्रदर्शन भी किए, लेकिन शनिवार को देहरादून में प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में विधायक उमेश शर्मा काऊ के साथ आई भीड़ की करतूत ने भाजपा की सियासी बढ़त को हल्का कर दिया।

प्रारंभिक शिक्षा निदेशक के साथ हुई मारपीट की घटना शनिवार को प्रदेशभर में चर्चा के केंद्र में रही। इससे भाजपा असहज हुई है और केंद्रीय नेतृत्व तक यह मामला पहुंचा है।

यद्यपि, पार्टी ने इस मुद्दे को बेहद गंभीरता से लिया है। विधायक को हिदायत भी दी गई है और उनसे स्पष्टीकरण भी लिया जा रहा है।

शायद यही कारण भी है कि दोपहर में तेवर दिखा रहे विधायक काऊ ने आखिरकार शाम को घटनाक्रम के लिए माफी भी मांग ली।

रायपुर क्षेत्र से विधायक उमेश शर्मा काऊ भी कांग्रेस के उन नौ विधायकों में शामिल थे, जिन्होंने वर्ष 2016 में कांग्रेस की तत्कालीन हरीश रावत सरकार के खिलाफ विद्रोह किया था।

इस घटनाक्रम के बाद वह भाजपा में शामिल हो गए थे। तब इस दलबदल ने राज्य की राजनीति में काफी हलचल मचाई थी।

अधिकारियों के साथ सख्त लहजे के लिए वह पूर्व में भी चर्चा में रहे हैं। रायपुर विधानसभा क्षेत्र में उनके और अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जुबानी जंग भी कई बार सार्वजनिक कार्यक्रमों में हंगामे का कारण बनी है।

अब प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में एक विद्यालय के नाम के प्रकरण को लेकर हुए हंगामे, मारपीट के घटनाक्रम से विधायक काऊ फिर से चर्चा में हैं।

उनके साथ आई भीड़ ने जिस तरह से शिक्षा विभाग के आला अधिकारी के साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया, उसने विपक्ष कांग्रेस को बैठे-बिठाए मुद्दा भी दे दिया और उसने इसे लपकने में देर भी नहीं लगाई।

जाहिर है कि चुनावी साल में इस तरह के घटनाक्रम को भाजपा किसी भी दशा में सहन नहीं करेगी। पार्टी ने इस प्रकरण को बेहद गंभीरता से लिया है। पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने भी इसका संज्ञान लिया है। सूत्रों के अनुसार पूरे घटनाक्रम के बारे में केंद्रीय नेतृत्व ने जानकारी मांगी है।

यह भी पढ़ें- देहरादून: विधायक उमेश शर्मा काऊ और उनके समर्थकों पर जानलेवा हमले का मुकदमा

यह भी पढ़ें- देहरादून में शिक्षा निदेशक पर हमला विवाद: शिक्षक संगठनों ने ननूरखेड़ा में लगाया जाम, थाने का किया घेराव

यह भी पढ़ें- देहरादून में प्रारंभिक शिक्षा निदेशक पर जानलेवा हमला, विधायक काऊ समेत अन्य पर मुकदमा
Pages: [1]
View full version: देहरादून में शिक्षा निदेशक से मारपीट मामला: भाजपा नेतृत्व की सख्ती, नरम पड़े विधायक उमेश शर्मा काऊ के तेवर