cy520520 Publish time 2 hour(s) ago

कटिहार में 3 आतंकियों के छिपे होने की अफवाह से मचा हड़कंप, सच जानकर पुलिस भी रह गई दंग

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/22/article/image/katihar-news-1771701996147_m.webp



संवाद सूत्र, जागरण कटिहार। आजमनगर थाना क्षेत्र के मढ़ीह गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब डायल-112 पर कॉल कर सूचना दी गई कि कश्मीर से आए तीन आतंकवादी गांव में छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कश्मीर से आए तीन लोगों को बरामद कर लिया।

पुलिस पूछताछ में मामला पूरी तरह अलग निकला। पता चला कि तीनों बारामुला जिला (कश्मीर) के निवासी हैं। इनमें से एक व्यक्ति उस घर का दामाद है। जहां तीनों ठहरे हुए थे। बताया गया कि तीन वर्ष पहले उसकी शादी गांव की शबनम खातून से हुई थी और दंपति का 10 माह का एक बच्चा भी है।

जानकारी के अनुसार युवती कुछ समय से मायके में रह रही थी और कश्मीर वापस नहीं जाना चाहती थी। जब दामाद अपने स्वजनों के साथ पत्नी और बच्चे को लेने गांव आया तो उसके साथ मारपीट कर दी गई तथा महिला और बच्चे को रिश्तेदार के घर छिपा दिया गया। जांच में यह भी सामने आया कि युवती के स्वजन कश्मीरी दामाद से पैसों की मांग करते थे।

इसी क्रम में घर के दूसरे दामाद जो सुपौल जिले का निवासी है उसने कश्मीर से आए एक व्यक्ति के सिर पर डंडे से हमला कर घायल कर दिया और बाद में 112 पर कॉल कर तीन आतंकियों के छिपे होने की झूठी सूचना दे दी।

फर्जी सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामला स्पष्ट होने के बाद पुलिस ने आरोपित युवक को पकड़ लिया तथा घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि किसी भी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन नहीं मिलने के कारण प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई और बाद में पकड़े युवक को छोड़ दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- VIDEO: कटिहार में DM ऑफिस गेट पर ड्रामा, प्रेमी जोड़े को सफेद कार में आखिर क्यों बैठाया जा रहा था?
Pages: [1]
View full version: कटिहार में 3 आतंकियों के छिपे होने की अफवाह से मचा हड़कंप, सच जानकर पुलिस भी रह गई दंग