हरियाणा: गन कल्चर और अभद्र टिप्पणी पर भड़की सरपंच एसोसिएशन, झज्जर में सिंगर मासूम शर्मा के बहिष्कार का ऐलान
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/22/article/image/Masoom-sharma-1771732489066_m.webpसिंगर मासूम शर्मा के बयान पर भड़की सरपंच एसोसिएशन (फाइल फोटो)
संवाद सूत्र, बादली/झज्जर। हरियाणवी गायक मासूम शर्मा द्वारा जनप्रतिनिधियों को लेकर दिए गए विवादित बयान ने तूल पकड़ लिया है। शनिवार को ब्लाक बादली सरपंच एसोसिएशन की महत्वपूर्ण बैठक गांव पेलपा में आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र के सरपंचों ने गायक के खिलाफ रोष जताया गया। बैठक की अध्यक्षता पेलपा सरपंच संदीप गुलिया ने की।
बता दें हाल ही में जींद में आयोजित एक लाइव शो के दौरान मासूम शर्मा द्वारा सरपंचों व जनप्रतिनिधियों पर की गई टिप्पणी का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद पंचायत प्रतिनिधि लामबंद हो गए हैं। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि गायक मासूम शर्मा को सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है।
यदि निर्धारित समय में माफी नहीं मांगी गई, तो झज्जर जिले में गायक का कोई भी कार्यक्रम नहीं होने दिया जाएगा। साथ ही सरपंचों ने स्पष्ट किया कि यह अपमान लोकतांत्रिक व्यवस्था को ठेस पहुंचाने वाला है और इसके विरुद्ध जिले भर में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
बैठक में सरपंचों ने गायक के गीतों में \“गन कल्चर\“ (हथियारों के दिखावे) को बढ़ावा दिए जाने पर भी चिंता जताई। सरपंचों का आरोप है कि ऐसे गानों से युवा पीढ़ी पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है और समाज में गलत संदेश जाता है। प्रतिनिधियों ने कहा कि कलाकारों को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी समझते हुए ऐसे विषयों से बचना चाहिए जो वैमनस्य को बढ़ावा दें।
सरपंच एसोसिएशन ने घोषणा की है कि वे इस मुद्दे पर क्षेत्र की विभिन्न खाप पंचायतों का भी समर्थन लेंगे। संदीप गुलिया व अन्य प्रधानों ने कहा कि पंचायत व्यवस्था गांवों की रीढ़ है और इसका अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर इंद्रजीत देवरखाना, पूर्व प्रधान महावीर सिंह, मलखान सिंह निमाणा, अमित लाडपुर, अनुराज बामडोला, देवेंद्र प्रधान, हरकेश चौहान नगला, सतपाल गुलिया (प्रधान नौगामा), सुखदेव जहांगीरपुर, चिंटू एमपी माजरा और कृष्ण गुलिया लगरपुर सहित अनेक सरपंच व प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इन सभी ने एकमत होकर बयान की निंदा की और कहा कि पंचायत व्यवस्था गांवों की रीढ़ है, इसलिए इसका अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Pages:
[1]