मानव अधिकार राष्ट्रीय अध्यक्ष आरती राजपूत को विदेशी नंबर से धमकी; राजनीति छोड़ने की चेतावनी
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/22/article/image/jalandhar-threat-1771746101548_m.webpमानव अधिकार संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष आरती राजपूत।
जागरण संवाददाता, जालंधर। मानव अधिकार संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष आरती राजपूत को विदेशी नंबर से धमकी भरी कॉल आने का मामला सामने आया है। कॉल करने वाले ने अपनी पहचान उजागर नहीं की, न ही किसी प्रकार की पैसों की मांग की, लेकिन राजनीति में सक्रियता को लेकर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।
आरती राजपूत ने बताया कि बीती रात उनके मोबाइल पर एक इंटरनेशनल नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने पहले उनका नाम पूछकर पुष्टि की कि क्या वे ही आरती राजपूत बोल रही हैं। इसके बाद उसने कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए कहा कि “आजकल आप बहुत इंटरव्यू दे रही हो और शोर मचा रही हो कि रास्ते बंद हो रहे हैं।”
उन्होंने बताया कि जब उन्होंने कॉल करने वाले से उसकी पहचान पूछी तो उसने कहा, “तुझे जल्दी पता चल जाएगा कि मैं कौन हूं। राजनीति का बहुत शौक है, देख लेंगे।” इसके बाद कॉल काट दी गई।
यह भी पढ़ें- अमृतसर में फर्जी नशा मुक्ति केंद्र पर छापा; युवकों से वसूली का आरोप, 15 युवाओं को छुड़वाया, संचालक पकड़ा
सरकार के खिलाफ दी थी लिखित शिकायत
आरती राजपूत का कहना है कि दो दिन पहले सरकार की ओर से श्रीराम चौक और कंपनी बाग चौक में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसके चलते सड़कों को बंद कर दिया गया था। इस कारण आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने इस मामले में नगर निगम विभाग, डीसी कार्यालय और जालंधर कमिश्नरेट पुलिस को लिखित शिकायत दी थी।
उनका आरोप है कि संभवतः उसी शिकायत के कारण उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश की जा रही है ताकि वे अपनी शिकायत वापस ले लें। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि वे किसी भी प्रकार के दबाव में आने वाली नहीं हैं और मामले में सख्त कार्रवाई करवाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
यह भी पढ़ें- ‘संपर्क’ प्रोजेक्ट के तहत बठिंडा में एसएसपी का जनसंवाद; नशे पर सख्ती के बीच उठे सवाल
रिकॉर्डिंग व नंबर पुलिस को सौंपा
आरती राजपूत ने धमकी देने वाले नंबर की डिटेल और कॉल से संबंधित वीडियो रिकॉर्डिंग थाना एक की पुलिस को सौंप दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और कॉल की लोकेशन व पहचान का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस घटना के बाद शहर में चर्चा का माहौल है। सवाल उठ रहे हैं कि क्या सार्वजनिक मुद्दों पर आवाज उठाना अब जोखिम भरा हो गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषी की पहचान होते ही उचित कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- नोटिस के बाद पूर्व जत्थेदार व एसजीपीसी के बीच टकराव तेज; भ्रष्टाचार के आरोपों पर मांगा जवाब, दी खुली चेतावनी
Pages:
[1]