संतकबीर नगर जिला अस्पताल का ऑक्सीजन प्लांट बंद, ओटी में खराब मिली सी-आर्म मशीन
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/22/article/image/santkabir-nagar-1771774759812_m.webpजागरण टीम, संतकबीर नगर। राज्य स्तरीय जांच टीम ने रविवार को जिला अस्पताल तथा कांशीराम शहरी आवास परिसर में संचालित जन आरोग्य मेले की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अस्पताल में कई खामियां सामने आईं। टीम सबसे पहले कांशीराम कॉलोनी स्थित शहरी आरोग्य केंद्र पहुंची, जहां रोगियों के उपचार की व्यवस्था, चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ के कार्य-प्रणाली तथा सुविधाओं की जानकारी ली।
इसके बाद टीम जिला अस्पताल के उत्तरी हिस्से में स्थापित आक्सीजन प्लांट पर पहुंची, जहां मशीनें बंद मिलीं। जांच टीम के सदस्य डा.एके गर्ग ने कहा कि लाखों रुपये की लागत से लगाए गए प्लांट का उपयोग न होना गंभीर विषय है। इस पर सीएमएस डा. रामप्रवेश ने बताया कि प्लांट संचालन के लिए पर्याप्त मैनपावर उपलब्ध नहीं है।
निरीक्षण के दौरान ऑपरेशन थिएटर में सी-आर्म मशीन खराब पाई गई। इस संबंध में डा. एलसी यादव ने बताया कि मशीन की मरम्मत के लिए कई बार पत्र भेजा जा चुका है। अस्पताल में ईएनटी ओटी भी अभी तक क्रियाशील नहीं हो सकी है।
टीम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नाथनगर और सांथा का भी निरीक्षण किया। नाथनगर सीएचसी में गंदगी, मरीजों के बैठने की व्यवस्था का अभाव और हेल्थ एटीएम मशीन बंद मिली।
सांथा सीएचसी में भी विभिन्न व्यवस्थागत कमियां पाई गईं। जांच पूरी होने के बाद टीम ने कहा कि विस्तृत रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
रोसया बाजार पीएचसी में पहंंची टीम
रोसया बाजार स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले के दौरान राज्यस्तरीय टीम ने औचक निरीक्षण किया। डा.विराट स्वरूप श्रीवास्तव के नेतृत्व में पहुंची टीम ने अस्पताल में उपयोग होने वाले संसाधनों की स्थिति का जायजा लिया।
टीम के अचानक पहुंचने से कुछ समय के लिए अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा। जांच के दौरान लैब में ब्लड ग्रुप जांच के लिए आवश्यक रीजेंट उपलब्ध नहीं मिला।
टीम ने इसे तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बताया गया कि यह रीजेंट करीब छह महीने से अस्पताल में नहीं है। इस दौरान मौजूद रोगियों ने अस्पताल में स्थायी चिकित्सक की तैनाती की मांग उठाई और बताया कि केंद्र लंबे समय से चिकित्सक विहीन है।
Pages:
[1]