LHC0088 Publish time 1 hour(s) ago

Muzaffarpur News : होली पर बिहार वापसी का सफर बना चुनौती, मुंबई-दिल्ली से ट्रेनों में टिकट नहीं

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/22/article/image/pawan-expres-1771776656947_m.webp

यह तस्वीर जागरण आर्काइव से ली गई है।



जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । होली में घर आने के लिए रिजर्वेशन टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। दिल्ली, मुंबई आदि बड़े शहरों से आने के लिए मार्च तक किसी भी ट्रेन में जगह नहीं है। सबसे अधिक खराब मुंबई से आने वाली ट्रेनों में है।

बांद्रा से बरौनी जाने वाली 19037 अवध एक्सप्रेस में 23 अप्रैल तक रिग्रेट है। इस रूट की ट्रेन में सबसे अधिक भीड़ हो रही है। बीच-बीच में वेटिंग भी है, लेकिन 15 से 13 अप्रैल तक रिग्रेट है। इतने लंबे समय तक यानी टिकट नहीं मिलने व रिग्रेट के बाद भी इस रूट पर ट्रेनें नहीं बढ़ाई जा रही।

लंबी दूरी की इस रूट पर चलने के लिए यात्रियों की हर दिन मारामारी हो रही है। दिल्ली से अगर ट्रेन नहीं मिलती है तो लोग वाल्वो बसों से चले आते हैं, लेकिन मुंबई से आने की वैसी सुविधा नहीं होने से यात्रियों को ट्रेन पर ही निर्भर रहना पड़ता है।

हवाई यात्रा महंगी होने से हर व्यक्ति के लिए संभव नहीं है। काउंटर से तत्काल में एक से दो टिकट मुश्किल से निकल रहे हैं। वहीं होली के बाद वापसी को लेकर भी परेशानी है। इधर से जाने वाली बरौनी-बांद्रा 19038 अवध एक्सप्रेस की ओपनिंग टिकट दो महीना पहले तक रिग्रेट है।

बीच में अगर कोई कैंसिल कराएंगे तभी मौका मिलेगा, वह भी वेटिंग का। 11061 लोकमान्य तिलक टर्मिनल से जयनगर जाने वाली पवन एक्सप्रेस में भी सात अप्रैल तक कोई टिकट नहीं। इतनी भीड़ के बाद भी रेलवे इस रूट के लिए गंभीर नहीं है।

इस रूट पर जितने यात्री हैं, उस हिसाब से चार-पांच ट्रेनें और चलाने की आवश्यकता है। वहीं वापसी को लेकर भी टिकटों की मारामारी चल रही है। दिल्ली जाने वाली महत्वपूर्ण ट्रेनों में सात अप्रैल के बाद ही बर्थ मिलने की संभावना है।

वैसे रक्सौल से आनंद विहार दिल्ली जाने वाली 14007 सदभावना एक्सप्रेस में 18 मार्च से बर्थ है। लिच्छवी में सात अप्रैल तक नहीं है। वैशाली एक्सप्रेस में 14 अप्रैल तक, आम्रपाली एक्सप्रेस में 18 अप्रैल तक, जयनगर से अमृतसर जाने वाली 04651 स्पेशल ट्रेन में भी कोई बर्थ उपलब्ध नहीं है। दिल्ली आदि शहर से आने वाले यात्री ट्रेन नहीं मिलने पर वाल्वो बस की सेवा ले रहे हैं।
एक मार्च से क्लोन ट्रेनों की बुकिंग बंद

मुजफ्फरपुर । होली में ट्रेनों से आने व जाने वाले यात्रियों में मारामारी चल रही और ऐसे मौके पर बिहार संपर्क की क्लोन, 02569 दरभंगा-नई दिल्ली, 02570 नई दिल्ली-दरभंगा, 02563 वैशाली एक्सप्रेस की क्लोन, बरौनी-नई दिल्ली-बरौनी 02564 ट्रेन की बुकिंग एक मार्च से नहीं हो रही।

रेलवे ने इन दोनों क्लोन चलाने के लिए पहले 28 फरवरी तक की घोषणा की थी। इसको लेकर मार्च से इसकी बुकिंग बंद थी। 11 फरवरी को रेलवे बोर्ड की फिर दूसरी चिट्ठी इस वर्ष के दिसंबर तक चलाने की आई, उसके बाद भी एक मार्च से इसकी बुकिंग नहीं की जा रही है।

होली में बाहर से आने वाले लोग वापसी को लेकर इस ट्रेन का टिकट एक मार्च से लेना चाहते, लेकिन परिचालन को लेकर किसी रेलकर्मी को जानकारी नहीं है।

हर दिन कई यात्री रिजर्वेशन काउंटर पर पूछकर लौट रहे हैं। इसको लेकर किसी रेल अधिकारी द्वारा सही जानकारी नहीं दी जा रही, यह ट्रेन एक मार्च से चलेगी या नहीं।
Pages: [1]
View full version: Muzaffarpur News : होली पर बिहार वापसी का सफर बना चुनौती, मुंबई-दिल्ली से ट्रेनों में टिकट नहीं