cy520520 Publish time Yesterday 23:26

लोहरदगा के चांदगो गांव में नहीं है सड़क, 1 KM तक गर्भवती महिला को बहंगी से ढोकर लाया; तब मिली एंबुलेंस

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/22/article/image/Lohardaga-Pregnant-Woman-1771784171496_m.webp

चांदगो गांव में बहंगी से गर्भवती को लाते परिजन। (जागरण)



जागरण संवाददाता, लोहरदगा। लोहरदगा जिला के पेशरार प्रखंड के सुदूरवर्ती चांदगो गांव में एक परिवार के लिए रविवार का दिन काफी परेशानी भरा रहा।

रास्ता और पुल नहीं होने से महिला को बहंगी से ढो कर लाना पड़ा। चांदगो में दो दर्जन परिवार रहते हैं, लेकिन परदश का घर काफी दूर पहाड़ी में है।

चांदगो गोमिया टोली गांव निवासी परदश नगेसिया की पत्नी फुगनी नगेसिया गर्भवती थी। रविवार को उसे प्रसव पीड़ा हुई। जिसके बाद परदश ने सहिया को सूचित किया।

सहिया ने 108 एंबुलेंस में फोन किया। जिसके बाद 108 एंबुलेंस गांव के लिए निकली तो बड़ी मुश्किल से गोमिया टोली आंगनबाड़ी तक ही एंबुलेंस पहुंच पाई। परदश नगेसिया का घर गांव से दूर पहाड़ में है। वहां तक वाहन पहुंचना संभव नहीं है।

बीच में एक पहाड़ी नाला होने के कारण वाहन का पहुंचना मुश्किल है। वहां तक पहुंचने को लेकर रास्ता भी नहीं है। ऐसे में फुगनी को घर के लोगों ने बहंगी में बैठा कर उसे ढो कर एक किलोमीटर दूर तक पहाड़ी नाला के किनारे खड़े एंबुलेंस तक पहुंचाया।

तब जा कर महिला को किस्को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां पर महिला ने एक पुत्री को जन्म दिया। किस्को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी अशोक ओड़या का कहना है कि 108 एंबुलेंस की सेवा दी गई है, लेकिन महिला के घर तक रास्ता नहीं था।

जिससे कुछ दूर तक महिला के स्वजन उसे ले कर आए। महिला फिलहाल स्वस्थ है। उसने अपनी तीसरी संतान को जन्म दिया है।
Pages: [1]
View full version: लोहरदगा के चांदगो गांव में नहीं है सड़क, 1 KM तक गर्भवती महिला को बहंगी से ढोकर लाया; तब मिली एंबुलेंस