एक्टर मुश्ताक खान और सुनील पाल से वसूली करने वाले गैंग पर पुलिस का शिकंजा, 2 आरोपी गिरफ्तार
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/23/article/image/bijnaur-news-(2)-1771785938859_m.webpबिजनौर में पुलिस की गिरफ्त में गैग्स्टर के आरोपित
जागरण संवाददाता, बिजनौर। शहर कोतवाली पुलिस ने सिने अभिनेता मुश्ताक खान और हास्य कलाकार सुनीलपाल के अपहरण और वसूली के मामले में गैंग्स्टर के दो आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। गिरोह का सरगना समेत आठ आरोपित फरार है।
मुंबई के सिने अभिनेता मुस्ताक खान का इवेंट के नाम पर 20 नवंबर को अपहरण कर लिया गया था। उसे नई बस्ती में गिरोह के सरगना सुशांत उर्फ़ लवी के एक मकान पर रखकर 2.20 लाख की वसूली की गई थी। मुश्ताक खान ने शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था।
इसी गिरोह ने दो दिसंबर को बॉलीवुड के हास्य कलाकार सुनीलपाल का अपहरण कर उनसे वसूली की थी। सुनील पाल की ओर से इसका मुकदमा मेरठ जिले के थाना लालकुर्ती में लिखा गया था। बिजनौर पुलिस ने राजफाश करते हुए नौ आरोपितों को जेल भेजा था, जबकि एक को मेरठ पुलिस ने भेजा था।
इस प्रकरण में शहर कोतवाल रामप्रताप ने घटना में शामिल सभी 10 आरोपित नई बस्ती बी-14 निवासी सुशांत उर्फ़ लवी उर्फ हिमांशु व आकाश गोला, सार्थक चौधरी उर्फ रिक्की निवासी रम्मू का चौराहा बिजनौर, अंकित पहाड़ी निवासी राम का चौराहा, अर्जुन कर्णवाल निवासी बुल्ला का चौराहा, अजीम अहमद निवासी मुहल्ला कस्वाबान, मुहल्ला अजारजान निवासी सबुद्दीन उर्फ सैबी, नई बस्ती चमरपेड़ा निवासी शिवम और शिवा व जिला गाजियाबाद के जनकपुर निवासी शशांक के खिलाफ शहर कोतवाली में गैंग्स्टर का मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस ने रविवार को अर्जुन कर्णवाल पुत्र रवि निवासी बुल्ला का चौराहा व शुभम पुत्र राकेश निवासी चमरपेड़ा को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। लवी और सार्थक समेत आठ आरोपितों की तलाश की जा रही है।
Pages:
[1]