बरेली-मैलानी के बीच अब खत्म होगा ट्रेन बदलने का झंझट! रेलवे चलाने जा रहा है सीधी MEMU ट्रेनें, जानें पूरा प्लान
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/22/article/image/indian-railway-2-1771771381247_m.webpभारतीय रेल
जागरण संवाददाता, बरेली। बरेली से मैलानी तक सीधी ट्रेनें चलाने की यात्री लगातार मांग कर रहे हैं। यात्रियों की मांग पर तीन महीने पहले गोरखपुर-पीलीभीत एक्सप्रेस को इज्जतनगर तक चलाना शुरू भी किया। अब रेलवे इस रूट पर और सीधी ट्रेनें चलाने पर विचार कर रहा है। इसके लिए मेमू (मैनलाइन इलेक्ट्रिक मल्टिपल यूनिट) या ईएमयू (इलेक्ट्रिक मल्टिपल यूनिट) ट्रेनों का संचालन किया जा सकता है। इस संबंध में रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
करीब 10 वर्ष पहले बरेली से पीलीभीत, मैलानी होते हुए सीतापुर, लखनऊ व गोंडा और बरेली से बदायूं, कासगंज, मथुरा व आगरा तक मीटर गेज लाइन थी। इस रूट पर लखनऊ से आगरा फोर्ट तक कई ट्रेनें चलती थीं। ऐसे में लखनऊ के अलावा सीतापुर, लखीमपुर, गोला, मैलानी, पीलीभीत, बदायूं, कासगंज समेत अन्य जगह के यात्रियों को काफी राहत थी।
निर्माण के चलते आठ वर्ष से नहीं हो सका संचालन
मीटर गेज लाइन को ब्राड गेज में बदलने का काम अलग-अलग खंड में शुरू हुआ। आठ वर्ष तक निर्माण कार्य की वजह से बरेली से पीलीभीत होते हुए मैलानी तक ट्रेनों का संचालन नहीं हो सका। दो वर्ष पहले ट्रेनों का संचालन शुरू हुआ, लेकिन बरेली से पीलीभीत होते हुए टनकपुर तक और मैलानी से गोला, लखीमपुर होते हुए लखनऊ तक और फिर पीलीभीत से मैलानी तक ट्रेनें शुरू हुईं।
लेकिन सीधी ट्रेनें नहीं चलीं। ऐसे में मैलानी से बरेली आने वाले यात्रियों को इसका अधिक लाभ नहीं मिला। मैलानी से यात्री पीलीभीत तक आते हैं और फिर पीलीभीत से बरेली आते हैं। इन ट्रेनों के समय में भी अंतर है। यात्रियों की अधिक मांग पर रेलवे की ओर से गोरखपुर-पीलीभीत एक्सप्रेस का तीन महीने पहले बरेली के इज्जतनगर स्टेशन तक विस्तार किया गया।
लंबे समय से की जा रही थी मांग
इससे सुबह के समय मैलानी की ओर से आने वाले यात्रियों को काफी राहत मिली, लेकिन अभी सुबह के समय बरेली से मैलानी तक कोई ट्रेन नहीं है। लोग स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ सोशल मीडिया से अपनी मांग रेलवे से उठा रहे हैं। अभी बरेली से पीलीभीत होते हुए टनकपुर तक डेमू (डीजल इलेक्ट्रिक मल्टिपल यूनिट) ट्रेनें चलती हैं। अब रूट का पूरी तरह से विद्युतीकरण हो चुका है।
ऐसे में इस रूट पर मेमू या ईएमयू ट्रेन आसानी से चलायी जा सकती हैं। ईएमयू या मेमू चलने से शंटिंग की भी समस्या नहीं होगी, क्योंकि इन ट्रेनों में इंजन और ड्राइविंग चेयर दोनों तरफ होते हैं। ट्रेनें चलाने के लिए बोर्ड में प्रस्ताव भेजा जाएगा। वहीं, आला हजरत एक्सप्रेस का भी विस्तार लखनऊ तक करने का प्रस्ताव है। यह ट्रेन लखनऊ से बरेली होकर चलेगी तो यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।
इसका प्रस्ताव बोर्ड में भेजा जा चुका है, बोर्ड से अनुमति मिलने के बाद इसे चलाया जाएगा। सीनियर डीसीएम इज्जतनगर मंडल संजीव शर्मा ने बताया कि बरेली से पीलभीत और पीलीभीत से मैलानी तक ट्रेनें चल रही हैं। गोरखपुर-पीलीभीत एक्सप्रेस का इज्जतनगर तक विस्तार किया जा चुका है। यात्रियों की जरूरत पर और ट्रेनें भी चलाई जा सकती हैं।
यह भी पढ़ें- बरेली-सीतापुर हाईवे पर अब AI का \“कड़ा पहरा\“: ओवरस्पीड या रॉन्ग साइड चले तो तुरंत जलेगी रेड लाइट, जानें नया नियम
यह भी पढ़ें- बरेली: नैनीताल हाईवे पर बंद होने जा रही हैं ये 2 रेलवे क्रासिंग, 16 करोड़ के प्रोजेक्ट ने ली फाइनल शेप
Pages:
[1]