अयोध्या टोल मुक्ति पर NHAI से होगी वार्ता, होली तक आंदोलन स्थगित
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/23/article/image/toll_plaza-1771817495079_m.webpतस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
संवाद सूत्र, जागरण सोहावल (अयोध्या)। पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार रविवार को चरणबद्ध आंदोलन के प्रथम चरण में टोल मुक्त अयोध्या संघर्ष समिति के बैनर तले एसडीएम सविता राजपूत और क्षेत्राधिकारी सदर अरविंद सोनकर के साथ तहसील सभागार में लंबी वार्ता हुई।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने समिति के सदस्यों को आश्वस्त किया कि अयोध्यावासियों को टोल मुक्त विषय पर शीघ्र ही भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के सक्षम अधिकारियों के साथ वार्ता कराई जाएगी। लंबी चर्चा के दौरान संघर्ष समिति और प्रशासन में इस बात की भी सहमति बनी कि होली त्योहार तक आंदोलन स्थगित रखा जाएगा। समिति ने स्पष्ट किया कि वह संवाद की प्रक्रिया को पूरा अवसर देना चाहती है।
अगली बैठक में आगे की रणनीति तय की जाएगी। समिति के लोगों ने कहा कि यदि वार्ता के माध्यम से समाधान निकलता है तो यह क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी उपलब्धि होगी और अनावश्यक टकराव भी नहीं होगा।
समिति संयोजक अधिवक्ता दीपक सिंह ने प्रशासनिक अधिकारियों एवं सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आंदोलन पूर्णतः जनहित से जुड़ा है और स्थानीय लोगों को टोल समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से आंदोलन चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि होली तक इस विषय पर कोई ठोस समाधान नहीं हुआ, तो संघर्ष समिति वृहद जन आंदोलन करेगी।
यह भी पढ़ें- ‘श्रीरामार्चनम’ से संघ के घोष दल ने की रामलला की स्तुति, सरयू तट से राम मंदिर पहुंचा वादक दल
वार्ता में टोल मैनेजर, सदर सर्किल के तीनों थानों के थानाध्यक्षों सहित बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष सूर्यनारायण सिंह, प्रधान संघ जिलाध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह, युवा नेता अभिषेक सिंह, बब्लू, कप्तान सिंह, राजेश पांडेय, नकुल पांडेय, सुल्तान खान, लाल मोहम्मद, सीपू तिवारी, नीलेश सिंह, नितेश तिवारी, दीपेंद्र प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
Pages:
[1]