बलिया में तड़तड़ाईं पुलिस की गोलियां, मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी गोवंशीय पशुओं का तस्कर गिरफ्तार
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/23/article/image/baliaenco-1771819605152_m.webpपुलिस की गिरफ्त में आरोपी। जागरण
जागरण संवाददाता, बांसडीह (बलिया)। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे क्रैकडाउन अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। यहां बांसडीह पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की संयुक्त टीम ने रविवार देर रात हुसैनाबाद मोड़ के पास हुई पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर गोवंशीय पशुओं का तस्कर बबलू नट को गिरफ्तार कर लिया है।
जवाबी फायरिंग में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल बलिया में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान बांसडीह पुलिस व एसओजी टीम हुसैनाबाद मोड़ पर मौजूद थी।
रात करीब 11:42 बजे एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस को देखकर उसने भागने की कोशिश की और बाइक फिसल गई। खुद को घिरता देख आरोपित ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें- बलिया रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में गोरखपुर सीआइबी टीम ने पकड़ी शराब की बड़ी खेप
आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह घायल होकर गिर पड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान ग्राम आदर गांव, थाना बांसडीह निवासी इनामी अपराधी के रूप में हुई, जो लंबे समय से तस्करी के मामलों में वांछित था। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा एक बाइक बरामद की है।
प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि आठ फरवरी को गोवंश तस्करी के दौरान आरोपित का एक साथी पकड़ा गया था, जबकि वह मौके से फरार हो गया था। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
Pages:
[1]