deltin33 Publish time 1 hour(s) ago

Coal India: 20 रैक कोयला उठाइए, 1.60 करोड़ कैशबैक पाइए; बीसीसीएल की अनोखी पेशकश

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/23/article/image/BCCL-1771820415604_m.webp

बीसीसीएल में कोयले की रैक लोडिंग। (फाइल फोटो)



जागरण संवाददाता, धनबाद। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल), जो कोल इंडिया लिमिटेड की अनुषंगी इकाई है, ने कोयले का स्टॉक कम करने के उद्देश्य से नई स्कीम लागू की है। इसके तहत 20 रैक कोयला उठाव करने पर प्रति टन 200 रुपये की छूट के साथ कैशबैक दिया जाएगा। कुल कैशबैक राशि 1.60 करोड़ रुपये तक हो सकती है।

कंपनी पर कोयला मंत्रालय और कोल इंडिया की ओर से स्टॉक कम करने को लेकर दबाव बना हुआ है। 26 फरवरी को ई-ऑक्शन की तिथि तय की गई है। उपभोक्ताओं को आकर्षित करने के लिए बीसीसीएल ने यह पहल की है। एक रैक में लगभग 3500 टन कोयला सप्लाई किया जाता है। 10 रैक से लेकर 20 या उससे अधिक रैक तक कोयला उठाव पर यह ऑफर लागू होगा।

क्वालिटी आधारित कोयला आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए बीसीसीएल प्रबंधन लगातार मंथन कर रहा है। कोकिंग कोल उत्पादन करने वाली कंपनी बीसीसीएल ई-ऑक्शन स्कीम के तहत रेल मार्ग से कोयला उठाने वाले उपभोक्ताओं को नगद डिस्काउंट देगी।

यह छूट मार्च 2026 तक सफल बोलीदाताओं को निर्धारित शर्तों के तहत दी जाएगी। एकल क्लस्टर के अंतर्गत एक ही नीलामी में कोयला बुक कर रेल रैक से उठाव करने वाले खरीदारों को उठाव की मात्रा के आधार पर प्रति टन नगद छूट मिलेगी। यह छूट सभी ग्रेड के रॉ कोकिंग कोल पर लागू होगी।

कंपनी का मानना है कि इससे रेल मार्ग से कोयला उठाव को बढ़ावा मिलेगा और उपभोक्ताओं को राहत भी मिलेगी। साथ ही, कोयला डिस्पैच में भी वृद्धि हो सकती है। वर्तमान में बीसीसीएल के पास 6.57 मिलियन टन से अधिक कोयले का स्टॉक है, जिसे कम करने को लेकर प्रबंधन गंभीर है।
सेल्स विभाग ने जारी किया पत्र

कोल इंडिया ई-नीलामी योजना 2022 के तहत बीसीसीएल से कोयला खरीदने वाले सभी संभावित खरीदारों को सूचित किया गया है कि 26 मार्च तक आयोजित होने वाली ई-नीलामियों में किसी एक बोलीदाता द्वारा एक ही क्लस्टर के तहत रेल मार्ग से सफलतापूर्वक बुक और उठाव किए गए कोयले पर यह लाभ दिया जाएगा।

सीएमडी मनोज कुमार के नेतृत्व में लिया गया यह निर्णय न केवल कंपनी का स्टॉक कम करने में मददगार होगा, बल्कि उपभोक्ताओं को भी सस्ती दरों पर कोयला उपलब्ध कराने में सहायक होगा। फिलहाल कोल इंडिया और कोयला मंत्रालय की ओर से भी स्टॉक क्लियरेंस को लेकर दबाव बना हुआ है।

कोयला क्षेत्र से जुड़े कारोबारियों के लिए यह अपनी इन्वेंट्री बढ़ाने और लागत कम करने का बेहतर अवसर साबित हो सकता है।
रैक के आधार पर छूट

10 से 14 रैक: 100 रुपये प्रति टन
15 से 19 रैक: 150 रुपये प्रति टन
20 या अधिक रैक: 200 रुपये प्रति टन

बीसीसीएल ने स्टॉक कम करने के लिए यह ऑफर दिया है। इसका लाभ उपभोक्ताओं को मिलेगा। कंपनी कोकिंग कोल उत्पादन करती है और इसकी मांग बनी हुई है।-मनोज कुमार अग्रवाल, सीएमडी, बीसीसीएल।
Pages: [1]
View full version: Coal India: 20 रैक कोयला उठाइए, 1.60 करोड़ कैशबैक पाइए; बीसीसीएल की अनोखी पेशकश