हाता-चाईबासा मार्ग पर मातम: ऊटी जाने के लिए घर से निकला था बेटा, पिता की हादसे में गई जान
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/23/article/image/potka-thana-1771824403815_m.webpपोटका थाना।
जागरण संसू, पोटका । सोमवार की सुबह हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग पर सड़क दुर्घटना हुुई। रितिका ढाबा के समीप हुए इस हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं।
कैसे हुआ हादसा? बेटे को स्टेशन छोड़ने जा रहे पिता की सड़क किनारे खड़ी एक हाईवा से टकराकर मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजनगर प्रखंड के बनकाटी टोला (जोड़टाड़) निवासी आनंद महतो (58 वर्ष) अपने पुत्र मोहित को टाटानगर रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहे थे। मोहित तमिलनाडु के ऊटी में कार्यरत है और उसे अपनी ड्यूटी पर लौटने के लिए ट्रेन पकड़नी थी। पिता-पुत्र अपनी स्कूटी ( JH06V3784) से सुबह करीब 4:00 बजे गंतव्य की ओर निकले थे।
टक्कर में स्कूटी के परखच्चे उड़ गए अंधेरा होने के कारण रितिका ढाबा के पास सड़क किनारे खड़ी एक हाईवा उन्हें दिखाई नहीं दी और स्कूटी सीधे उससे जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आनंद महतो गंभीर रूप से चोटिल हो गए और स्कूटी के परखच्चे उड़ गए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को जमशेदपुर के टीएमएच (TMH) अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में तोड़ा दम, बेटा सदमे में दुर्भाग्यवश, अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने जांच के बाद आनंद महतो को मृत घोषित कर दिया। पिता की मृत्यु की खबर सुनकर मोहित गहरे सदमे में चला गया और अस्पताल में ही बेहोश हो गया। हालांकि, डॉक्टरों का कहना है कि मोहित की शारीरिक स्थिति अब स्थिर है, लेकिन मानसिक रूप से वह अत्यंत आहत है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची।
हादसे के बाद हाइवा चालक हो गया फरार प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि सुबह के समय रोशनी कम होने या संतुलन बिगड़ने के कारण यह दुर्घटना हुई होगी। पुलिस ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद हाईवा चालक मौके का फायदा उठाकर वाहन सहित फरार होने में सफल रहा।
पुुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फरार हाईवा और उसके चालक की पहचान के लिए आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
परिजनों में शोक की लहर
इस घटना के बाद आनंद महतो के गांव बनकाटी में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जो बेटा कुछ ही घंटों में नई उम्मीदों के साथ ऊटी के लिए रवाना होने वाला था, वह अब अपने पिता के अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटा है।
Pages:
[1]