सांसद सुखजिंदर रंधावा ने गृह मंत्री अमित शाह को लिखा पत्र, पंजाब सीमा सुरक्षा पर उठाए गंभीर सवाल
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/23/article/image/Amit-Shah-(2)-1771830534247_m.webpसांसद रंधावा ने गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल (फाइल फोटो)
जागरण संवाददाता, गुरदासपुर। गुरदासपुर के सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने भारत-पाकिस्तान सीमा के पास पुलिस चेक पोस्ट पर दो पुलिस मुलाजिमों की हत्या पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने मामले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर घटना को सुरक्षा प्रबंधों की बड़ी नाकामी करार दिया है।
गृह मंत्री को लिखे पत्र में रंधावा ने लिखा है कि एएसआइ गुरनाम सिंह और होमगार्ड अशोक कुमार के शव उस चेक पोस्ट के मिले हैं, जहां बीएसएफ और पंजाब पुलिस का साझा नाका होना चाहिए था। उन्होंने सवाल उठाया है कि घटना वाली रात को बीएसएफ की टुकड़ी मौके पर क्यों नहीं पहुंची।
इसके अलावा अगली सुबह कोई भी रिलीविंग पार्टी समय पर घटनास्थल पर क्यों नहीं पहुंची। उनका कहना है कि यह मामला केवल कानून व्यवस्था का नहीं है, बल्कि इसे क्रास बार्डर हेंडलर्स, गैंग्स्टर-टेरर नेटवर्क के साथ जोड़ कर देखा जाना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया है कि यह घटना इंटेलिजेंस की हार है क्योंकि संवेदनशील इलाके में हमले का अंदाजा लगाने में एजेंसियां विफल रहीं। इसके अलावा रंधावा ने बीएसएफ और पंजाब पुलिस के बीच तालमेल की कमी पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं का कारण पंजाब में पक्के डीजीपी की गैर मौजूदगी और बढ़ रही गैंग्स्टर आतंकी गतिविधियां हैं।
रंधावा ने अमित शाह से मांग की है कि मामले को लेकर दिल्ली में तुरंत उच्च स्तरीय सुरक्षा बैठक बुलाई जाए। इस पूरे मामले की समय पर पारदर्शी जांच कराई जाए। पीड़ित परिवारों को उचित सम्मान और एक्स ग्रेशिया ग्रांट दी जाए।
रंधावा ने मांग की है कि गृह मंत्री प्रदेश के दौरे के दौरान सियासी रैली से पहले पीड़ित परिवारों के साथ मुलाकात करें। रंधावा ने चेतावनी दी है कि अगर इस मामले में सख्त कदम न उठाए गए तो पंजाब फिर आतंक के काले दौर में जा सकता है।
Pages:
[1]