Chikheang Publish time 2026-2-23 13:56:21

मालगाड़ी की छत पर चढ़े युवक की मौत, ओवरहेड लाइन में फाल्ट के चलते वंदे भारत सहित छह ट्रेन प्रभावित

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/23/article/image/train-accident-R-1771834767819_m.webp

प्रतीकात्मक फोटो



जागरण संवाददाता, मेरठ। जागरण संवाददाता, मेरठ। पूठा स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम के डिपो में पेट्रोल लेकर आई मालगाड़ी की छत पर एक युवक चढ़ गया। इसी दौरान वह ओवरहेड लाइन की चपेट में आ गया। तेज धमाके के साथ युवक बुरी तरह झुलस गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना से ओवरहेड लाइन में फाल्ट आ गया। जिससे ट्रेन का संचालन दो घंटे बंद रहा।
ट्रेन सेवाएं बाधित, यात्रियों को परेशानी

वंदे भारत, शालीमार एक्सप्रेस व दिल्ली ऋषिकेश समेत छह ट्रेन प्रभावित हुई। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्हें मोदीनगर व अन्य स्टेशन पर रोकना पड़ा। बाद में रेलवे के तकनीशियन ने फाल्ट सही कर ट्रेनों का संचालन शुरू कराया। उधर, फाल्ट के बाद निकली चिंगारी पेट्रोल से भरी मालगाड़ी पर गिरी। इससे अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही मालगाड़ी के टैंकर में आग नहीं लगी।
वरना बड़ा हादसा हो जाता। सूचना पर पहुंची जीआरपी व परतापुर पुलिस ने घटना की जानकारी ली। परतापुर पुलिस ने युवक का शव मर्चरी भेज दिया। उसकी पहचान नहीं हो पाई है। आशंका जताई जा रही है, युवक तेल चोरी करने टैंकर पर चढ़ा और करंट की चपेट में आ गया।
पुलिस का बयान

जीआरपी इंस्पेक्टर नीरज कुमार ने बताया कि वेद व्यासपुरी स्थित हिंदुस्तान कॉरपोरेशन प्राइवेट लिमिटेड के डिपो पर मालगाड़ी पेट्रोल लेकर आई थी। शाम 7.39 बजे एक युवक मालगाड़ी के टैंकर की छत पर चढ़ गया। इसी दौरान वह ओवरहेड लाइन की चपेट में आ गया। तेज धमाके के साथ युवक झुलस गया। चिंगारी पेट्रोल से भरे टैंकर पर गिरी तो अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद ओवरहेड लाइन में फाल्ट आ गया और दिल्ली की ओर से आने वाली ट्रेन आपूर्ति बंद होने से रुक गई।
जांच जारी

आसपास के लोगों ने तत्काल जीआरपी व परतापुर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। परतापुर पुलिस ने युवक का शव कब्जे में लेकर उसकी पहचान का प्रयास किया। उसके पास से ऐसा काेई सामान नहीं मिला जिससे उसकी पहचान हो सके। जीआरपी की सूचना पर रेलवे के तकनीशियन मौके पर पहुंचे तथा दो घंटे प्रयास कर आपूर्ति शुरू कराई। इसके बाद ही दो घंटे बाद दिल्ली- मेरठ मार्ग पर ट्रेनों का संचालन शुरू हो पाया।
तेल चोरी की आशंका

पुलिस ने आशंका जताई कि युवक तेल चोरी करने टैंकर की छत पर चढ़ा था। इसी दौरान वह ओवरहेड लाइन की चपेट में आया। थाना प्रभारी परतापुर अजय शुक्ला ने बताया कि पूरे मामले की जांच व युवक की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
Pages: [1]
View full version: मालगाड़ी की छत पर चढ़े युवक की मौत, ओवरहेड लाइन में फाल्ट के चलते वंदे भारत सहित छह ट्रेन प्रभावित