फरीदाबाद में ‘बैंड-बाजा-बरात’ से बढ़ी परेशानी, चार्मवुड सोसायटी में जाम और शोर से लोग बेहाल
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/23/article/image/BARAAT-1-1771832484106_m.webpबारात में हो रही आतिशबाजी। (सौ- सोसायटीवासी)
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। सूरजकुंड रोड से सटे चार्मवुड की सोसायटी में रहने वाले परिवार बैंड-बाजा-बरात से बेहद परेशान हैं। सोसायटी में दो बैंक्वेट हाल हैं। शादियों के सीजन में यहां हर दिन शादी होती है। देर रात तक तेज संगीत बजता है।
बरात आने की वजह से सूरजकुंड रोड से लेकर अंदर सोसायटी की मैन रोड जाम हो जाती है। इनमें एक बैंक्वेट हाल तो निजी अस्पताल से सटा हुआ है। इस कारण से अस्पताल में भर्ती मरीज भी देर रात तक बजने वाले तेज संगीत से परेशान रहते हैं। पास में दो निजी स्कूल भी हैं।
बैंक्वेट हाल संचालकों की दंबगई के चलते कोई खुलकर विरोध नहीं कर पा रहा है। स्थानीय पार्षद और थाना सूरजकुंड को लोगों की समस्या के बारे में पूरी जानकारी है लेकिन वह कुछ कर नहीं पा रहे हैं। अब लोग इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से करने की बात कह रहे हैं।
नियमों का नहीं हो रहा पालन
वैसे नियमानुसार अस्पताल, स्कूल के पास बैंक्वेट हाल नहीं होना चाहिए। लेकिन यहां तो शराब का ठेका भी चंद कदमों की दूरी पर है। ठेके के ऊपर जिम है। यहां आने वाले लोग सड़कों पर गाड़ियां खड़ी कर देते हैं और खुले में शराब पीते रहते हैं।
यह भी पढ़ें- नोएडा एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, बरातियों से भरी गाड़ियों से भिड़ी स्कॉर्पियो; महिला की मौत
सूरजकुंड रोड से चार्मवुड विलेज की ओर आने वाली सड़क दो लेन है। दाएं-बाएं दुकानदारों ने अतिक्रमण भी किया हुआ है। रही-सही कसर वाहन चालक पूरी कर देते हैं। सामान लेने के लिए वह अपनी कार सड़क पर ही खड़ी कर देते हैं।
जिससे आने-जाने वाले लोगों को परेशानी होती है। और जब कोई बरात आती है तब तो पूरा रास्ता ही जाम हो जाता है। पीछे लंबी लाइन लग जाती है। स्थानीय निवासी अगर बाहर से आए हैं और घर जाना है तो फिर जब तक बरात बैंक्वेट हाल पहुंच नहीं जाती तब तक कोई निकल ही नहीं सकता।
आतिशबाजी व तेज संगीत से स्कूली बच्चे परेशान
स्थानीय निवासियों ने कहा कि इस समय परीक्षाएं चल रही हैं। बच्चे देर रात तक पढ़ाई करते हैं लेकिन जब बरात आती है तो उसके तेज संगीत की वजह से ध्यान भटक जाता है। ऊपर से आतिशबाजी भी खूब होती है। वायु प्रदूषण के साथ ध्वनि प्रदूषण भी खूब होता है। तब लोगों की नींद हराम हो जाती है।
लोगों ने अपना नाम न छापने की शर्त पर बताया कि यहां दो-चार दबंग लोगों ने ही बैंक्वेट हाल बनाए हुए हैं और शराब ठेका खुलवाया हुआ है। यदि लोग विरोध करते हैं तो उन्हें धमकी देकर चुप करा दिया जाता है।
हालात ऐसे हो गए हैं कि छह बजे के बाद महिलाएं व बेटियां घर के बाहर नहीं निकलती हैं। जाम के दौरान यदि किसी को इमरजेंसी में जाना पड़ जाए तो मुश्किल हो जाती है।
नाले पर कर लिया कब्जा
चार्मवुड विलेज की मैन रोड किनारे नाले पर स्थानीय दुकानदारों ने कब्जा कर लिया है। इस वजह से यहां नाले की सफाई नहीं हो पाती। वर्षा के दिनों में यहां डेढ़ से दो फुट तक पानी भर जाता है।
यह भी पढ़ें- भागलपुर में बारात निकलने के दौरान युवक ने की फायरिंग, किशोर को लगी गोली
लोगों की शिकायत बिल्कुल जायज है। यहां बैंक्वेट हाल अस्पताल व स्कूल से सटा है। देर रात तक हो-हल्ला होता है। कई बार शिकायत आ चुकी है। प्रशासन को इस मामले में सख्त कदम उठाना चाहिए।
-
गजेंद्र भड़ाना, पार्षद, वार्ड नंबर-23
हां, बैंक्वेट हाल व तेज संगीत बजने की शिकायतें आती रहती हैं। इस बारे में बैंक्वेट हाल संचालक को सख्त हिदायत दी जा चुकी है। यदि तेज संगीत बजता है तो इसकी शिकायत पुलिस से तुरंत करें। 10 मिनट में हमारी ईआरवी पहुंच जाएगी। तय समय तक ही तेज संगीत बजेगा।
-
प्रहलाद सिंह, थाना प्रभारी, सूरजकुंड
Pages:
[1]