LHC0088 Publish time 1 hour(s) ago

मुंगेर में सड़क पर नहीं होगा होलिका दहन, डीजे पर रहेगा बैन

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/23/article/image/MUNGER-HOLI-NEWS-1771845184452_m.webp

शांति समिति की हुई बैठक। (जागरण)



संवाद सहयोगी, तारापुर (मुंगेर)। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को अनुमंडल कार्यालय सभागार में शांति समिति की बैठक हुई।

बैठक की अध्यक्षता कर रहे एसडीओ राकेश रंजन कुमार ने पूर्व की घटनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि डीजे पर अश्लील व द्विअर्थी गीत बजाना, शराब के नशे में अनर्गल हरकतें करना तथा दूसरे धर्म के लोगों पर जबरन रंग डालना तनाव का कारण बनता है।

ऐसे कृत्यों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सड़क पर होलिका दहन नहीं करने की अपील लोगों से की। होलिका दहन वाले स्थान पर पानी की व्यवस्था रखने को लेकर गांवों में जागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया गया।

शराब तस्करी की सूचना गोपनीय रूप से देने की अपील की गई। रमजान को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी। इंटरनेट मीडिया पर अनर्गल पोस्ट की सूचना तत्काल प्रशासन को देने को कहा गया। मिलावटी सामग्री पर भी निगरानी रखी जाएगी।

एएसपी संकेत कुमार ने थानाध्यक्षों को असामाजिक तत्वों के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 126 के तहत अधिक से अधिक कार्रवाई करने तथा आवश्यकता पड़ने पर धारा 170 लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने छोटी से छोटी सूचना पुलिस को देने और कानून हाथ में नहीं लेने की अपील की।

बैठक में मुख्य पार्षद नीलम देवी, उप मुख्य पार्षद पिंटू साह, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी डॉ. दीप रश्मि, नगर पंचायत कार्यपालक पदाधिकारी सोनाली प्रिया, सीओ संतोष कुमार, बीडीओ प्रशांत कुमार, इंस्पेक्टर विवेक राज, मिथिलेश कुमार सिंह, हरेकृष्ण वर्मा, जयकृष्ण सिंह, गौतम राज, चंद्रशेखर चौधरी सहित विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Pages: [1]
View full version: मुंगेर में सड़क पर नहीं होगा होलिका दहन, डीजे पर रहेगा बैन